हसवा बीआरसी में शिक्षकों को दवा वितरण के साथ दिया सीपीआर प्रशिक्षण

    बरसाती बीमारियों से बचाव हेतु 16 हजार बच्चों तक पहुंची दवा
हसवा बीआरसी में शिक्षकों को दवा वितरण के साथ दिया सीपीआर प्रशिक्षण47
फोटो परिचय-  शिक्षकों को सीपीआर प्रशिक्षण देते रेडक्रास चेयरमैन डा. अनुराग श्रीवास्तव।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव व रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से शनिवार को हसवा बीआरसी में होम्योपैथिक औषधि वितरण एवं सीपीआर प्रशिक्षण अभियान चलाया गया। इंडियन रेडक्रास सोसाइटी, आरोग्य भारती एवं दि होमियोपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान व डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में आयोजित अभियान में हसवा ब्लॉक के सभी 159 प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 16152 बच्चों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण में मौजूद शिक्षकों को होम्योपैथिक औषधि उपलब्ध कराई गई।

अभियान का नेतृत्व इंडियन रेडक्रास सोसाइटी के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आरोग्य भारती के जिला सचिव डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने प्रशिक्षण में मौजूद सभी अध्यापकों को बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने में सहायक होम्योपैथिक औषधि प्रदान की। शिक्षकों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण भी दिया गया। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि किसी व्यक्ति का हृदय काम करना बंद कर दे तो तत्काल सीपीआर देकर उसकी जान बचाने का प्रयास किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि एक वर्ष तक के बच्चे में 15 बार छाती पर दबाव और दो बार सांस देने की प्रक्रिया अपनाई जाती है, जबकि एक वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति में 30 बार दबाव और दो बार सांस देने की प्रक्रिया बताई गई। कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ हसवा ब्लॉक के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह भदौरिया, शैलेंद्र अग्निहोत्री, इंडियन रेडक्रास सोसाइटी के कार्यकारिणी सदस्य दिलीप कुमार श्रीवास्तव तथा प्रमुख सहयोगी एवं प्रबंध समिति सदस्य सुरेश कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *