पट्टीशाह के धोबी तालाब के पास गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा इलाका
पट्टीशाह के धोबी तालाब के पास गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा इलाका
इनामी हिस्ट्रीशीटर से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली
– पट्टीशाह के धोबी तालाब के पास गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा इलाका
– साथी समेत दो बदमाश घायल; भाग रहे तीन आरोपियों को दबोचा
फोटो परिचय- घायल हिस्ट्रीशीटर को लेकर जाती पुलिस टीम। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे एक लाख रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर व पुलिस के बीच सोमवार की देर रात हथगांव थाना क्षेत्र के पट्टीशाह गांव में मुठभेड़ हो गई। धोबी तालाब के किनारे बाग में हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक लाख का इनामी रियाज कुरैशी और उसका साथी इसरार कुरैशी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी, जिन्हें पुलिस ने तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश कर रहे तीन अन्य आरोपियों को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार 7/8 सितंबर की रात थाना हथगांव पुलिस को गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने पट्टीशाह गांव के पास धोबी तालाब किनारे स्थित बाग में घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान रियाज कुरैशी के दाहिने पैर और इसरार कुरैशी के बाएं पैर में गोली लगी। गोली लगते ही दोनों बदमाश घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मुठभेड़ के दौरान मौके से कुछ आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर तीन आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शंकर साहू निवासी पट्टीशाह, रेहान उर्फ छोटू निवासी बाकरगंज और हनीफ निवासी पीरनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और मौके से 315 बोर के दो देशी तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे, एक चोरी की मोटरसाइकिल तथा घटना में प्रयुक्त एक अन्य बाइक बरामद की है। इसके अलावा लोहे का चापड़, दो लोहे के चाकू, लकड़ी का चौकोर ठीहा, पीले रंग की त्रिपाल, तीन रस्सी/डोरी और काली पॉलीथीन का पैकेट भी मिला। पुलिस ने मौके से एक जीवित गोवंश बरामद किए जाने की जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ में घायल रियाज कुरैशी थाना हथगांव में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों के अलावा अन्य जनपदों में 33 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं, घायल इसरार कुरैशी के खिलाफ भी 15 से अधिक अभियोग पंजीकृत होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे से जुड़ी थी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार पूरी कार्रवाई थाना हथगांव में दर्ज मु0अ0सं0 148/2025, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट से संबंधित आरोपियों की तलाश के क्रम में की गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपियों को उपचार के लिए भेजने के साथ गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और उसके अन्य आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।