घटनास्थल पहुंचे एसपी,सर्विलांस व फॉरेंसिक टीम को जांच में तेजी लाने के निर्देश
घटनास्थल पहुंचे एसपी,सर्विलांस व फॉरेंसिक टीम को जांच में तेजी लाने के निर्देश
बुजुर्ग महिला हत्याकांड: दूसरे दिन भी घटनास्थल पहुंचे एसपी
– सर्विलांस व फॉरेंसिक टीम को जांच में तेजी लाने के निर्देश
फोटो परिचय- घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। ललौली कस्बे के सातआना मोहल्ले में बुजुर्ग महिला की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार साक्ष्य जुटाने और संदिग्धों से पूछताछ में लगी हैं। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने एक बार फिर घटनास्थल पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और अब तक की गई जांच की प्रगति की समीक्षा की। एसपी के दोबारा घटनास्थल पहुंचने से साफ है कि पुलिस इस हत्याकांड को गंभीरता से लेते हुए जल्द खुलासे की दिशा में प्रयास कर रही है।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, क्षेत्राधिकारी जाफरगंज व थानाध्यक्ष ललौली मौजूद रहे। एसपी ने घटनास्थल और उसके आसपास के इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए फील्ड यूनिट की ओर से जुटाए गए भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों की समीक्षा की। इसके साथ ही अब तक की गई पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के बारे में भी जानकारी हासिल की। एसपी ने जांच में जुटी पुलिस टीमों को निर्देशित किया कि हत्याकांड से जुड़े प्रत्येक पहलू की गंभीरता से पड़ताल की जाए। सर्विलांस व फॉरेंसिक तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए उपलब्ध साक्ष्यों का विश्लेषण किया जाए, ताकि घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग सामने आ सकें।
उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों से गहन पूछताछ करने व परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को जोड़ते हुए हत्याकांड में शामिल अभियुक्त की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी ने टीमों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए जल्द से जल्द घटना का अनावरण करने और हत्यारोपित की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, आसपास के लोगों से पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।