निबंध प्रतियोगिता में विजेता छात्राओं को मेडल देकर किया सम्मानित

    छात्रों को दी बाल अधिकारों व पॉक्सो एक्ट की जानकारी
– निबंध प्रतियोगिता में विजेता छात्राओं को मेडल देकर किया सम्मानित
फोटो परिचय-  कार्यक्रम में भाग लेते छात्र व अन्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। तहसील अन्तर्गत खंड शिक्षा क्षेत्र ऐरायां के पितम्बर लाल इंटर कॉलेज मनमोहनपुर में बच्चों को बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करने और बाल विवाह, बाल श्रम व बाल शोषण जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान के तत्वावधान में श्री पितम्बर लाल इंटर कॉलेज मनमोहनपुर हथगाम में बाल कल्याण समिति, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और चाइल्ड लाइन ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बाल कल्याण समिति, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और चाइल्ड लाइन के प्रतिनिधियों ने लगभग 400 छात्र-छात्राओं को बाल सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।

बताते चलें कि कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद साहू ने पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों को गलत व्यवहार के प्रति सतर्क रहने और ऐसी किसी घटना पर चुप न रहने की सलाह दी,उन्होंने कहा कि बच्चे किसी भी परेशानी या अनुचित व्यवहार की जानकारी अपने अभिभावक, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को दें। समिति के सदस्य मजिस्ट्रेट रामकृष्ण पांडेय ने रामचरितमानस की चौपाई के माध्यम से बच्चों को संस्कार, शिष्टाचार और माता-पिता व गुरुजनों के सम्मान का संदेश दिया। चाइल्ड लाइन के काउंसलर अंकित जायसवाल ने संकट में फंसे बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता और चाइल्ड लाइन की सेवाओं के बारे में बताया।

वहीं एएचटीयू के उपनिरीक्षक हरिनारायण शुक्ला और महिला कांस्टेबल सरिता ने मानव तस्करी, बाल शोषण तथा बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी पहलुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में इस दौरान बाल विवाह, बालश्रम, बाल अपराध और पॉक्सो एक्ट विषय पर निबंध प्रतियोगिता भी कराई गई। प्रतियोगिता में शांति देवी ने प्रथम, स्वाति देवी ने द्वितीय व उम्मुलवरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को मेडल एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। संस्था के जिला समन्वयक पुष्पेंद्र कुमार ने संस्था के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह और बाल श्रम जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए समाज, विद्यालय और प्रशासन को मिलकर प्रयास करना होगा। इस मौके पर आशुतोष कुमार उर्फ सोनू मोदनवाल, सुधांशु द्विवेदी, विद्यालय की प्रधानाचार्या उर्मिला सिंह लोधी, रमेश चंद्र, मालिकदीन, राममनोहर, रहीमाल, रोहित, दलजीत और अशोक कुमार द्विवेदी सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *