ओवरलोड वाहनों से करोड़ों के राजस्व नुकसान की आशंका

  मुहाना खंड-02 में अवैध मौरंग खनन के आरोप, ओवरलोड वाहनों से करोड़ों के राजस्व नुकसान की आशंका

दीपक धुरिया अजरा न्यूज जालौन उरई (जालौन)। जनपद जालौन के उरई क्षेत्र स्थित कुसमिलिया मुहाना खंड-02 में अवैध मौरंग खनन और परिवहन को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बालू से भरे ओवरलोड ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खुलेआम फर्राटा भर रही हैं, जबकि कई वाहनों की नंबर प्लेट तक ढकी या छिपाई जा रही है, जिससे उनकी पहचान न हो सके।

आरोप है कि खनन क्षेत्र से निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए मौरंग का उत्खनन किया जा रहा है और बिना वैध रॉयल्टी के परिवहन का खेल भी जारी है। इससे शासन को लाखों नहीं बल्कि करोड़ों रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में दिन-रात भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई न होने से खनन माफियाओं के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।

कुसमिलिया मुहाना खंड-02 को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब लोगों की निगाहें प्रशासन और खनन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला न केवल अवैध खनन बल्कि सरकारी राजस्व को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाने का भी हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *