भीषण आग से बारह बीघे गेहूं की फसल राख, हुआ भारी नुकसान
भीषण आग से बारह बीघे गेहूं की फसल राख, हुआ भारी नुकसान
भीषण आग से बारह बीघे गेहूं की फसल राख
– अग्निकाण्ड से किसानों को हुआ भारी नुकसान
फोटो परिचय- धू-धूकर जलती गेहूं की फसल। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– बिंदकी तहसील के अंतर्गत कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गुगौली गांव में मंगलवार को अचानक भीषण आग लगने से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब बारह बीघे फसल राख में तब्दील हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार आग की चपेट में आने से गांव के अतुल सिंह, राजेश सिंह, सुनील सिंह, जितेन्द्र सिंह और टिंकू सिंह की पूरी फसल बर्बाद हो गई। घटना के समय खेतों में मौजूद ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण स्थिति पर काबू पाना मुश्किल हो गया। घटना की सूचना गांव के शनि सिंह द्वारा तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुमित देव पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को बुलाया गया। दमकल टीम की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि उनकी आर्थिक क्षति की भरपाई हो सके। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है और नुकसान का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।