एआरटीओ कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारी समेत दो निलंबित

 एआरटीओ कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारी समेत दो निलंबित
– एडीएम-एएसपी के छापे में खुली थी कथित अवैध वसूली की परतें
– 35240 रुपए बरामदगी के बाद डीएम की रिपोर्ट पर हुई कार्रवाई

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। वाहन रजिस्ट्रेशन व ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर कथित अवैध वसूली के मामले में परिवहन विभाग ने बड़ा शिकंजा कस दिया है। सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय में छापेमारी के दौरान सामने आए मामले में एआरटीओ प्रशासन रंजीत सिंह व लिपिक शुभम सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

बताते चलें कि तीन सितंबर को अपर जिलाधिकारी विनय पांडेय व अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय की संयुक्त टीम ने एआरटीओ कार्यालय में छापा मारा था। अचानक हुई कार्रवाई से कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जांच के दौरान टीम ने परिसर से चार संदिग्ध लोगों को पकड़ा, जिनके पास से 35240 रुपये नकद बरामद हुए। आरोप था कि ये लोग कार्यालय में आने वाले आवेदकों से वाहन पंजीकरण व ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर पैसे वसूल रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जांच कर जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी। जिलाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर परिवहन विभाग ने एआरटीओ प्रशासन रंजीत सिंह व लिपिक शुभम सिंह को निलंबित कर दिया है। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। कार्रवाई को सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। फिलहाल, दोनों कर्मचारियों के निलंबन के बाद विभागीय जांच पर नजरें टिकी हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *