पुलिस की दो महिला आरक्षियों ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम

    पुलिस की दो महिला आरक्षियों ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम
– बैडमिंटन-टेबल टेनिस प्रतियोगिता में जीते दो पदक, महकमे में खुशी की लहर
फोटो परिचय- राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराने वाली महिला आरक्षी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में पुलिस की दो महिला आरक्षियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। अहमदाबाद में आयोजित तृतीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस क्लस्टर प्रतियोगिता में महिला आरक्षी ममता शर्मा, दीपिका ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए एक स्वर्ण व एक कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से जनपद पुलिस के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस का गौरव भी बढ़ा है।

19 से 24 नवंबर तक गुजरात के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित प्रतियोगिता में देशभर की पुलिस टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता की टेबल टेनिस स्पर्धा में फतेहपुर में नियुक्त महिला आरक्षी ममता शर्मा व दीपिका ने शानदार तालमेल, खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन का परिचय दिया। दोनों खिलाड़ियों ने टीम चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि ओपन डबल्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की।

राष्ट्रीय मंच पर दोनों महिला आरक्षियों की इस सफलता को जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी जीत ने साबित कर दिया कि पुलिस की जिम्मेदारियों के साथ खेल के मैदान में भी फतेहपुर की महिला पुलिसकर्मी अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार प्रदर्शन कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *