वन महोत्सव: मिर्जापुर भिटारी में हुआ पौधरोपण,लिया गया संकल्प

   वन महोत्सव: मिर्जापुर भिटारी में हुआ पौधरोपण
– पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प
फोटो परिचय-  पौधरोपण करते समाजसेवी संतोष तिवारी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। देशव्यापी वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को भिटौरा ब्लॉक के ग्राम मिर्जापुर भिटारी में वन विभाग द्वारा वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के समाजसेवी संतोष तिवारी ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन वन दरोगा रितेश कुमार तिवारी के निर्देशन में किया गया। उनके साथ वनरक्षक बृजेश यादव एवं वन विभाग की पूरी टीम ने पौधरोपण अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्राम मिर्जापुर भिटारी के ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं एवं पर्यावरण प्रेमियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि संतोष तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा प्रकृति को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। इस अवसर पर वन दरोगा रितेश कुमार तिवारी ने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का जनआंदोलन है। वहीं वनरक्षक बृजेश यादव ने ग्रामीणों को पौधों के संरक्षण एवं उनके नियमित रखरखाव के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। वन विभाग की टीम और ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित यह पौधरोपण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *