चोक नाले से सहकारी साधन समिति में जलभराव, कई बोरी खाद नष्ट

 चोक नाले से सहकारी साधन समिति में जलभराव, कई बोरी खाद नष्ट
– ग्रामीणों किसानों ने सीमित परिसर पर जमकर किया प्रदर्शन
फोटो परिचय- जलभराव होने पर प्रदर्शन करते किसान।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। धाता विकास खंड के अंतर्गत रोहिल्लापुर पंचायत पौली साधन सहकारी समिति में भारी जलभराव के कारण बड़ी मात्रा में यूरिया एवं डीएपी खाद खराब होने का मामला सामने आने के बाद किसानों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गुरुवार को सैकड़ों किसानों और ग्रामीणों ने सहकारी समिति परिसर पहुंचकर हंगामा और प्रदर्शन किया। जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

किसानों का आरोप है कि समिति परिसर के समीप स्थित बड़े नाले व पंचायत के नाले नालियों की कई वर्षों से सफाई नहीं कराई गई, जिससे नाली बड़े नाले पूरी तरह चोक हो गए। लगातार बारिश के बाद पानी की निकासी न होने से पूरा समिति परिसर जलमग्न हो गया और वहां रखा खाद भी जलभराव की चपेट में आ गया। सहकारी साधन समिति के सचिव सचिन मानसिंह ने बताया कि जलभराव के कारण 105 बोरी यूरिया एवं 65 बोरी डीएपी खाद खराब हो गई है, जिससे समिति को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की। वहीं किसानों व ग्रामीणों ने पंचायत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि गांव में वर्षों से नालियों और नालों की साफ-सफाई नहीं कराई जा रही है। इसके चलते गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। प्रदर्शन कर रहे किसानों व ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराकर खराब हुई खाद का आकलन कराने, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा ग्राम पंचायत में तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाकर चोक पड़े नालों और नालियों की सफाई कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *