झाड़-फूंक के दौरान युवक ने तोड़ा दम, हंगामा

  झाड़-फूंक के दौरान युवक ने तोड़ा दम, हंगामा
– कथित तांत्रिक पर लापरवाही का आरोप, गिरफ्तार
– राज्यमंत्री ने परिजनों से मिलकर घटना का लिया संज्ञान
फोटो परिचय-  परिजनों से मिलकर ढाढंस बंधाती राज्यमंत्री कृष्णा पासवान।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के उमरा गांव में युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि तबीयत खराब होने के बाद युवक का इलाज कराने के बजाय झाड़-फूंक कराई जा रही थी और इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कथित ओझा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले का संज्ञान लेते हुए राज्यमंत्री कृष्णा पासवान भी परिजनों से मिलने पहुंचीं और पूरे प्रकरण की जानकारी ली।

जानकारी के अनुसार उमरा गांव निवासी रामचंद्र पुत्र सकतू की काफी समय से तबीयत खराब चल रही थी। परिजनों का कहना है कि कई स्थानों पर उपचार कराने के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने कथित ओझा सर्वेश सोनी से संपर्क किया। आरोप है कि 12 सितंबर से रामचंद्र की झाड़-फूंक शुरू कराई गई। रात में हालत अधिक बिगड़ने पर कथित ओझा दोबारा मौके पर पहुंचा और देर रात तक झाड़-फूंक करता रहा। इसी दौरान युवक की मौत हो गई। मौत की खबर फैलते ही गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए जनप्रतिनिधि के मौके पर पहुंचने तक शव न उठाने की बात कही। हंगामे के दौरान मारपीट की भी सूचना सामने आई। स्थिति बिगड़ने की जानकारी मिलते ही खागा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कथित ओझा को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। बताया गया कि मृतक अपने पीछे करीब 18 वर्षीय बेटी तथा 15 और 13 वर्ष के दो बेटों को छोड़ गया है। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि यदि जांच में तांत्रिक की संलिप्तता या लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *