संगठन ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, एसपी से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

    नशे में कार सवारों ने ली पूर्व सैनिक के बेटे की जान
संगठन ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, एसपी से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
फोटो परिचय-  बैठक करते पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। पूर्व सैनिक उत्थान समिति के पदाधिकारियों ने संगठन के महासचिव फूल सिंह लोधी के पुत्र योगेंद्र लोधी की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। योगेंद्र की नौ सितंबर को घर से मोटरसाइकिल से जाते समय कार की जोरदार टक्कर लगने से मौत हो गई थी। मामले में थाना कोतवाली सदर में प्रथम सूचना रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है।
मृतक के पिता फूल सिंह लोधी ने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी को बताया कि दुर्घटना के समय कार में पांच लोग सवार थे और आरोप है कि सभी नशे की हालत में थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवार इससे पहले राधानगर क्षेत्र में किसी घटना को अंजाम देकर भागे थे। इसके बाद कार ने उनके पुत्र योगेंद्र की मोटरसाइकिल को भी जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल योगेंद्र की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि कुछ ही समय बाद पुलिस ने पकड़े गए लोगों को छोड़ दिया। पूर्व सैनिक उत्थान समिति के प्रदेश अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने बताया कि मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी से मुलाकात का प्रयास किया गया, लेकिन उन्हें बताया गया कि वह पशुओं से लदे ट्रकों को पकड़ने की कार्रवाई में व्यस्त हैं और उस समय मुलाकात संभव नहीं है। वहीं, कचहरी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अनमोल सिंह से भी मामले में वार्ता का प्रयास किया गया। अध्यक्ष के अनुसार, करीब तीन घंटे में 11 बार फोन करने के बावजूद चौकी प्रभारी ने फोन नहीं उठाया, जिससे संगठन के पदाधिकारियों में नाराजगी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगा। 17 सितंबर को संगठन का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी देगा और वास्तविक आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करेगा। इस दौरान भरोसा प्रसाद अग्निहोत्री, राजकुमार तिवारी, जागृति तिवारी, लखनलाल विश्वकर्मा, राम सजीवन, देवेंद्र कुमार शुक्ला, रामराज अवस्थी, राजेश कुमार शुक्ला समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *