गांव पहुंची मोबाइल मेडिकल यूनिट, ग्रामीणों की हुई जांच
गांव पहुंची मोबाइल मेडिकल यूनिट, ग्रामीणों की हुई जांच
गांव पहुंची मोबाइल मेडिकल यूनिट, ग्रामीणों की हुई जांच
फोटो परिचय- ग्रामीणों की जांच-पड़ताल करती मोबाइल मेडिकल यूनिट। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज धाता, फतेहपुर। इलाज व जांच के लिए ग्रामीणों को दूर न जाना पड़े, इसके लिए गुरुवार को अहमदपुर कुसुम्भा गांव में स्वास्थ्य महाभियान चलाया गया। एसबीआईएफ संजीवनी क्लीनिक ऑन व्हील्स पहल के तहत मोबाइल मेडिकल यूनिट टीम सीएसआई की ओर से लगाए गए बहुविशेषज्ञता स्वास्थ्य शिविर में दो सैकड़ा से अधिक ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और चिकित्सकों से परामर्श लिया।
शिविर में ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ विभिन्न गंभीर बीमारियों की आशंका को देखते हुए कई महत्वपूर्ण पैथोलॉजी जांच भी की गईं। ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, विडाल टेस्ट, एसजीओटी, एसजीपीटी, यूरिया, क्रिएटिनिन, कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स समेत अन्य जांच की गईं। टाइफाइड की जांच के साथ ग्रामीणों के लिए नेत्र परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध रही। जांच के बाद मरीजों को आवश्यक दवाएं और चिकित्सकीय सलाह दी गई। स्वास्थ्य टीम ने लोगों को बीमारी से बचाव, नियमित जांच और समय पर उपचार कराने के प्रति जागरूक किया। जरूरत वाले मरीजों को आगे की चिकित्सा के लिए उचित सलाह और रेफरल भी दिया गया। ग्राम की सीएचओ अंजलि ने ग्रामीणों को शिविर तक पहुंचाने और स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं पंचायत मित्र प्रबल प्रताप तोमर और ग्रामवासियों ने भी शिविर के आयोजन में सहयोग किया। प्रोजेक्ट मैनेजर मृत्युंजय पाण्डेय ने बताया कि मोबाइल मेडिकल यूनिट का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में लोगों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शिविर में स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा गांव में ही मिलने पर ग्रामीणों ने स्वास्थ्य टीम के प्रयासों की सराहना की।