फॉर्म-6 भरते समय बरतें सावधानी, एक बार ही दबाएं सबमिट बटन
फॉर्म-6 भरते समय बरतें सावधानी, एक बार ही दबाएं सबमिट बटन
वोटर लिस्ट में डबल एंट्री पर लगेगी रोक, सीएससी संचालकों को दी ट्रेनिंग
– फॉर्म-6 भरते समय बरतें सावधानी, एक बार ही दबाएं सबमिट बटन
फोटो परिचय- सीएससी संचालकों के प्रशिक्षण मंे भाग लेते एडीएम वित्त एवं राजस्व। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विधानसभा निर्वाचक नामावली में नए मतदाताओं के नाम शामिल कराने की प्रक्रिया को पारदर्शी व त्रुटिरहित बनाने के साथ ही एक ही व्यक्ति के नाम की दोहरी प्रविष्टियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। शुक्रवार को विकास भवन सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनय पाण्डेय की अध्यक्षता में जन सुविधा केंद्र (सीएससी) संचालकों का दो पालियों में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें फॉर्म-6 के माध्यम से होने वाले आवेदनों में मल्टीपल एंट्री की समस्या से बचने के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान एडीएम विनय पाण्डेय ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों एवं निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार पात्र नागरिकों के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने के लिए ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन व सीएससी के माध्यम से आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। कई बार आवेदन जमा होने के बाद मोबाइल पर रेफरेंस नंबर का संदेश नहीं आने या पोर्टल में देरी होने के कारण आवेदक अथवा सीएससी संचालक दोबारा फॉर्म भर देते हैं। इससे एक ही व्यक्ति के नाम पर कई आवेदन दर्ज हो जाते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि फॉर्म-6 भरते समय आवेदक का नाम, माता-पिता अथवा पति का नाम, जन्मतिथि व पता सहित सभी विवरण संबंधित दस्तावेजों के अनुसार सही दर्ज किए जाएं।
आवेदन में सक्रिय मोबाइल नंबर भरने के साथ ओटीपी और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने तक इंतजार किया जाए। फॉर्म सबमिट करने से पहले सभी जानकारियों की जांच कर आवेदक से पुष्टि भी कराई जाए। एडीएम ने स्पष्ट किया कि आवेदन जमा करते समय सबमिट बटन केवल एक बार क्लिक किया जाए। पोर्टल धीमा होने या तकनीकी समस्या के चलते प्रक्रिया में देरी होने पर बार-बार बटन दबाने से बचें। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद रेफरेंस नंबर आवेदक को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए। आवेदन की स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर नया फॉर्म भरने से पहले पुराने आवेदन और रेफरेंस नंबर की जांच जरूर करें। उन्होंने बताया कि किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए संबंधित तकनीकी सहायता केंद्र अथवा मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।