मजदूरी कर पढ़ाई,अब PAC में मिली जगह; मिथुन की सफलता पर गांव में जश्न

    मजदूरी कर पढ़ाई जारी रखी, अब PAC में मिली जगह; मिथुन की सफलता पर गांव ने मनाया जश्न

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। आर्थिक अभाव और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच संघर्ष करते हुए ग्राम पंचायत सुढ़ार सालाबाद के  मिथुन ने अपनी मेहनत से कामयाबी की नई मिसाल पेश की है। कभी परिवार का खर्च चलाने के लिए मजदूरी करने वाले मिथुन का चयन प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।मिथुन के जीवन का सफर आसान नहीं रहा। तीन भाइयों में सबसे छोटे मिथुन के सिर से करीब दस साल पहले पिता शिवचरन का साया उठ गया था।

पिता के निधन के बाद मां गुड्डी देवी ने तमाम मुश्किलों का सामना करते हुए बेटों का पालन-पोषण किया। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते मिथुन को भी कम उम्र में मजदूरी करनी पड़ी।हालांकि, कठिन हालात भी उनके हौसले को कमजोर नहीं कर सके। दिनभर मेहनत-मजदूरी करने के बाद मिथुन रात में किताबों के साथ बैठकर सरकारी नौकरी की तैयारी करते थे। बड़े भाई मंगल और राम सिंह ने भी हर कदम पर उनका साथ दिया। परिवार के सहयोग और मिथुन की लगातार मेहनत आखिरकार रंग लाई और उनका चयन PAC में हो गया।चयन के बाद मेडिकल प्रक्रिया पूरी कर जब मिथुन अपने गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें हाथों हाथ लिया। ढोल-डीजे की धुन पर स्वागत जुलूस निकाला गया। फूल-मालाएं पहनाकर उनका सम्मान किया गया। इस दौरान ग्रामीणों और परिजनों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।मजदूरी से लेकर सरकारी वर्दी तक का मिथुन का सफर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बन गया है। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि संसाधनों की कमी किसी के सपनों का रास्ता नहीं रोक सकती, बशर्ते लक्ष्य के प्रति लगन और मेहनत जारी रहे। मिथुन की उपलब्धि पर पूरा गांव खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *