हादसे में पच्चीस यात्री घायल, ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर निकाले यात्री

    ट्रक से टकराई स्लीपर बस, परिचालक समेत दो की मौत
– हादसे में पच्चीस यात्री घायल, ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर निकाले यात्री
फोटो परिचय- दुर्घटनाग्रस्त यात्री स्लीपर बस।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। नेशनल हाईवे-2 पर शनिवार की आधी रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। भोगलपुर स्थित राजदरबार ढाबे के पास ओवरटेक करने के प्रयास में यात्रियों से भरी टूरिस्ट स्लीपर बस आलू लदे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखचे उड़ गए और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में बस परिचालक व एक यात्री की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब बीस से पच्चीस यात्री घायल हो गए। इनमें सात की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब ढाई बजे बस संख्या यूपी-53एमटी/6614 बनारस की ओर जा रही थी। इसी दौरान खागा कोतवाली क्षेत्र के भोगलपुर के पास चालक ने आलू लदे ट्रक संख्या आरजे-14जीएन/8053 को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बस ट्रक से टकरा गई। टक्कर के कारण बस में सवार यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। बताया जा रहा है कि सुल्तानपुर घोष कस्बा निवासी आशीष गुप्ता पुत्र श्याम सुन्दर गुप्ता 34 वर्ष को खागा कस्बे में उतरना था। खागा नजदीक आने पर वह अपनी सीट छोड़कर बस के आगे केबिन के पास खड़ा हो गया था।

इसी दौरान हादसा हो गया और उसकी जान चली गई। वहीं चालक के पीछे केबिन में सो रहे बस परिचालक आशीष कुमार पुत्र सुधीर 31 वर्ष निवासी ग्राम करवल ईस्ट नगर दिल्ली की भी मौत हो गई। हादसे के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बस के दोनों इमरजेंसी दरवाजे नहीं खुलने के कारण बचाव कार्य में मुश्किल आई। इसके बाद ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर किसी तरह अंदर फंसे घायलों और यात्रियों को बाहर निकाला। ग्रामीणों की तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू हो सका। सूचना मिलते ही खागा कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने दो एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दस गंभीर घायलों पवन कुमार पुत्र चन्द्रदेव मिश्रा निवासी लक्ष्मणपुर थाना कादीपुर जिला सुल्तानपुर, मनोज कुमार पुत्र जीतम सिंह निवासी सिंघईच ग्राम जाममेर जिला आगरा, अशोक विश्वकर्मा पुत्र हरिनाथ निवासी सारनाथ काजियो इनक्लीव जिला वाराणसी, अभिनव पाण्डेय पुत्र विष्णु कुमार निवासी न्यू फ्रेंडस कालोनी दिल्ली, संजना सिंह पुत्री संजय कुमार 26 वर्ष निवासी लंका बालाजी जिला वाराणसी, रीता वर्मा पत्नी रवि कुमार 67 वर्ष निवासी रंचसील प्रतिष्ठा नोएडा, अनुज सिंह पुत्र स्व0 रवि कुमार सिंह निवासी नोएडा, धर्मेन्द्र सिंह पुत्र राजेन्द्र प्रताप 42 वर्ष निवासी अंबावा प्रयागराज, सरांयनाम झूसी, सुरेन्द्र सिंह पुत्र राधेश्याम 39 वर्ष निवासी कामीपुर फूलपुर प्रयागराज, पूनम जायसवाल पुत्री द्वारिका प्रसाद निवासी- भौपारा सिंगरौली थाना माधा मध्य प्रदेश व आदित्य शर्मा पुत्र नवीन 21 वर्ष निवासी 398 नई दिल्ली को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *