रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत, बाल-बाल बची

   रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत
– मासूम बेटी मामूली घायल, बाल-बाल बची
फोटो परिचय- हादसे में मृतक बाइक सवार दंपती की फाइल फोटो।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। कश्मीरी मोड़ के पास अज्ञात रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि पत्नी बेबी (35) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पति महफूज आलम (40) ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। दुर्घटना में दंपती की मासूम बेटी अतिका मामूली रूप से चुटहिल हुई। जिसको प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, जहानाबाद कस्बे के छोटी बाजार मियां टोला निवासी महफूज आलम अपनी पत्नी बेबी व बेटी अतिका के साथ कश्मीरी गांव में एक दावत में शामिल होने गए थे। दावत खाने के बाद तीनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कश्मीरी मोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात रोडवेज बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

दुर्घटना में बेबी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि महफूज आलम की हालत बेहद नाजुक होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मासूम बच्ची के सिर से माता-पिता का साया उठने की घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। उधर, हादसे को अंजाम देने के बाद रोडवेज बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर बकेवर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस फरार बस और उसके चालक की तलाश में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *