जीटी रोड पर उमड़ा जनसैलाब, सुरक्षा में तैनात रहा पुलिस बल
जीटी रोड पर उमड़ा जनसैलाब, सुरक्षा में तैनात रहा पुलिस बल
पांच मोहर्रम: अकीदत के बीच अलम का हुआ मिलाप
– जीटी रोड पर उमड़ा जनसैलाब, सुरक्षा में तैनात रहा पुलिस बल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मोहर्रम की पांचवी पर शाम को जीटी रोड पर अलम का मिलाप हुआ। जिसमें अकीदतमंदों की भारी भीड़ रही। पर्व पर लगे मेले का बच्चों ने भरपूर लुत्फ उठाया। मिलाप के पश्चात सभी अलम अपने अपने अखाड़े जाकर रख गए।
बताते चलें कि जिले की ताजियादारी बेहद मशहूर है। मोहर्रम की पांच तारीख से ताजियादारी अपने पूरे शबाब पर पहुंच जाती है। रविवार को शहर के अलग-अलग स्थानों से अलम जुलूस निकाला गया। जिसमें अस्ती, अंदौली, आबूनगर, मसवानी, ज्वालागंज, सैय्यदवाड़ा, पीरनपुर, कबाड़ी मार्केट आदि इलाकों के अखाड़ों से ढोल ताशों के साथ अलम उठाये गए। अलम अपने निर्धारित मार्गों पर भ्रमण करते रहे और शाम लगभग छह बजे जीटी रोड पहुंच गए। जहां अलमदारों ने अपने-अपने अलम को फूलों से सजाया। उधर बनेठी के लोग भी अपने-अपने करतब दिखाते रहे। धीरे-धीरे अलम जुलूस आगे बढ़ा और लक्ष्मी टाकीज के निकट देर शाम सभी छप्पन छूरी से अलम का मिलाप हुआ। मिलाप देखने के लिए बड़ी संख्या में अकीदतमंद एकत्र हुए। इसके अलावा जीटी रोड पर दोनों ओर खाद्य पदार्थों की दुकानें भी सजी रहीं। जिसमें महिलाओं एवं बच्चों ने जमकर लुत्फ उठाया। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से पुलिस प्रशासन बेहद सतर्क रहा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात रहे। कुल मिलाकर पांचवी मोहर्रम का जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया। —————————————— –
मिशन शक्ति सम्मेलन में गूंजी नारी सशक्तिकरण की हुंकार एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा (फतेहपुर)। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के प्रेमनगर कस्बा स्थित एक गेस्ट हाउस में बहू-बेटी सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं एवं युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शासन की मंशा के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी खागा दुर्गेश दीप की देखरेख तथा थाना प्रभारी सुल्तानपुर घोष टीबी सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों और शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित महिला पुलिसकर्मियों एवं मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों, घरेलू हिंसा से संरक्षण, साइबर अपराध से बचाव, आत्मनिर्भरता और विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बेझिझक पुलिस एवं प्रशासन से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक रूप से सशक्त बनाना है। जागरूक और आत्मनिर्भर महिला ही परिवार, समाज और राष्ट्र की मजबूती का आधार होती है। सम्मेलन के दौरान महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई तथा उपस्थित महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला जागरूकता और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। मिशन शक्ति 5.0 के तहत आयोजित यह बहू-बेटी सम्मेलन महिलाओं में आत्मविश्वास जगाने और उन्हें सुरक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूक करने का सशक्त माध्यम साबित हुआ। —————————————
रिंद नदी में डूबने से किशोर की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। शनिवार की दोपहर घर से निकला 13 वर्षीय किशोर का शव रविवार की सुबह रिन्द नदी से ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने बरामद किया है। जानकारी के अनुसार जहानाबाद थाना क्षेत्र के रोशनपुर गांव निवासी राजबीर का पुत्र रोहित शनिवार की अपने कुछ हमजोली साथियों के साथ घर से निकल गया। तभी रिंद नदी नहाते समय गहरे पानी में चले से डूब गया। साथ गये साथियों ने घर आकर किसी को कुछ नहीं बताया कि काफी देर बीत जाने पर जब वह घर वापस नहीं आया तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। सुबह लगभग 7 बजे पुलिस ने ग्राम चन्द्रशेखर निषाद को फोन द्वारा जानकारी दी कि गांव का ही एक किशोर नदी में डूब गया है। शिनाख्त के लिए जब परिजन पहुंचे तो कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन ग्रह भेज दिया। ———————————————
अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचमपुर में खेत से घर वापस आ रहे 55 वर्षीय अधेड़ को बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। जिससे उसकी मौत हो गयी। इसी थाने के मथुरा मोड़ के समीप साइकिल से घर जा रहे 48 वर्षीय युवक को चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दिया। जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार थाने के पंचमपुर गांव निवासी स्व0 सूरजदीन का पुत्र रामखेलावन शनिवार की शाम लगभग 7 बजे खेत से साइकिल द्वारा घर वापस आ रहा था। जब वह गांव पास पहुंचा तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। जिससे अधेड़ की मौत हो गयी। इसी तरह थाने के पहाड़ीपुर गांव निवासी मोहन का पुत्र राजू साइकिल से बाजार गया था। वापस लौटते समय जब वह मथुरापुर मोड़ के पास पहुंचा तभी पीछे से तेज रफ्तार आर रही चार पहिया वाहन ने साइकिल में टक्कर मार दिया। जिससे राजू गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गये। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस ने दोनो शवों को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन ग्रह भेज दिया। ————————————– फांसी लगा युवक ने दी जान एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थाना चांदपुर कस्बा में घरेलू कलह के चलते 34 वर्षीय युवक ने घर के बाहर पेड़ से फंासी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार चांदपुर कस्बा निवासी चंदी लाल का पुत्र दीपक पाल जो काफी समय से मानसिक तनाव में था। बीती रात उसने उस वक्त आम के पेड़ में रस्सी का फंदा डाल फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब घर के सभी लोग गहरी नींद सो रहे थे। सुबह जब परिजनो की नींद खुली और पेड़ से दीपक का शव लटका देख घर में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन ग्रह भेज दिया।