धुएं का गुबार उठते ही मची भगदड़, दमकल ने पहुंचकर संभाला मोर्चा

    कचेहरी में अधिवक्ता के चेंबर में धधकी आग, मचा हड़कंप
– धुएं का गुबार उठते ही मची भगदड़, दमकल ने पहुंचकर संभाला मोर्चा
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिला कचेहरी परिसर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अधिवक्ता नरेंद्र सिंह उर्फ चुन्ना सिंह के चेंबर में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। चेंबर से निकलते धुएं व आग की खबर फैलते ही आसपास मौजूद अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार चेंबर से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। दमकल कर्मियों ने आग को आसपास के चेंबरों और कचहरी परिसर के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोकने के लिए मोर्चा संभाल लिया। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आग की चपेट में आने से चेंबर में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज, फर्नीचर और अन्य सामान के जलने की आशंका है। आग से कितना नुकसान हुआ, इसका वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही सामने आएगा। गनीमत रही कि हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद पुलिस और संबंधित विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाने में लगी रही। आग के कारणों और संपत्ति को हुए नुकसान की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *