डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की आमसभा में अधिवक्ताओं का बड़ा फैसला
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की आमसभा में अधिवक्ताओं का बड़ा फैसला
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की आमसभा में अधिवक्ताओं का बड़ा फैसला
– आज न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे अधिवक्ता, सीएम व मुख्य न्यायाधीश को भेजा जाएगा ज्ञापन
फोटो परिचय- आमसभा में भाग लेते अधिवक्ता। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के तत्वावधान में सिविल बार हाल में मंगलवार को अधिवक्ताओं की आमसभा आयोजित हुई। बैठक में कानपुर बार एसोसिएशन एवं यंग लॉयर्स के संयुक्त नेतृत्व में प्रदेश भर के बार अध्यक्षों व महामंत्रियों के कानपुर में आयोजित दो दिवसीय अधिवेशन में पारित प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई। आमसभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रस्ताव के समर्थन में कल (आज) जिले के सभी अधिवक्ता हड़ताल पर रहेंगे और न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।
अधिवक्ताओं ने बताया कि 10 और 11 सितंबर को कानपुर में प्रदेशभर के बार एसोसिएशन के अध्यक्षों व मंत्रियों का दो दिवसीय अधिवेशन आयोजित हुआ था। इसमें सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि हड़ताल के लिए बार से मांगी जा रही अंडरटेकिंग की मांग तथा अधिवक्ताओं के खिलाफ चल रहे मुकदमों को दूसरे जनपदों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया वापस लिए जाने तक प्रत्येक बुधवार को प्रदेश के सभी जिलों में हड़ताल की जाएगी। इसी प्रस्ताव के क्रम में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने भी बुधवार को हड़ताल का निर्णय लिया। आमसभा में तय किया गया कि 16 सितंबर को दोपहर 12 बजे अधिवक्ता जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजेंगे। इसके साथ ही जनपद न्यायाधीश के माध्यम से देश के मुख्य न्यायाधीश को भी ज्ञापन भेजकर अधिवक्ताओं की मांगों से अवगत कराया जाएगा। अधिवक्ताओं ने कहा कि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए। बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बाबू सिंह यादव ने की, जबकि संचालन महामंत्री अनुराग नारायण मिश्र ने किया। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता आरपी मौर्य, महेश कांत त्रिपाठी, अज्जू श्रीवास्तव, अजय सिंह, प्रवीण द्विवेदी, छोटेलाल निषाद, सुरेश नारायण अवस्थी, राजेश मौर्य, चंद्र प्रकाश मिश्र, शैलेंद्र सिंह पटेल, मंदीप मिश्र, इंद्रजीत यादव, नितिन त्रिपाठी, उमेश त्रिपाठी, राकेश यादव, अनुग्रह नारायण सिंह, सुनील वर्मा, अमन शुक्ल, जगदीश मौर्य समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।