12 सितंबर को एसपी कार्यालय का घेराव करेगी भाकियू

  12 सितंबर को एसपी कार्यालय का घेराव करेगी भाकियू
– मासिक बैठक में समस्याओं पर चर्चा, ब्लाक घेराव की तिथियां भी घोषित
फोटो परिचय- नहर कालोनी में बैठक करते भाकियू के पदाधिकारी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट की मासिक बैठक में विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि बारह सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया जाएगा। साथ ही ब्लाक घेराव की तिथियां भी घोषित कर दी गई।

बैठक का आयोजन नहर कालोनी प्रांगण में हुआ। अध्यक्षता राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेन्द्र सिंह ने की। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जिले में बंद पड़ी सहकारी समितियों को तत्काल प्रभाव से चालू करवाया जाए, समस्त समितियों में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जल जीवन मिशन के तहत अर्धनिर्मित पानी की टंकियों को बनवाया जाए, जो बन चुकी हैं उनमें पानी की सप्लाई सुचारू रूप से कराई जाए, नहरों में पर्याप्त पानी छोड़ा जाए, जनपद में अघोषित विद्युत कटौती पर रोक लगाई जाए, जनपद के किसानों पर दर्ज आंदोलन के सभी मुकदमे वापस लिए जाएं, खागा तहसील के अंतर्गत पशुओं की चिकित्सा हेतु 1962 टोल फ्री गाड़ी की व्यवस्था है लेकिन ऐरायां व विजयीपुर ब्लाक में यह व्यवस्था नहीं लागू की गई है। इसे तत्काल लागू कराया जाए, खतौनी में अंश निर्धारण व नाम सुधरवाने का कार्य सफलतापूर्वक करवाया जाए। बैठक में निर्णय लिया गया कि समस्याओं को लेकर तीस सितंबर को मलवां ब्लाक, पांच सितंबर को असोथर ब्लाक के अलावा बारह सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया जाएगा। तीस अगस्त को मुचुवापुर में पंचायत तथा पंद्रह सितंबर को मांझे का पुरवा उमरिहा बाजार में भी पंचायत का आयोजन किया जाएगा। बैठक में अशोक उत्तम, रामसहाय पटेल, देवनरायन पटेल, नवल पटेल, दिनेश शुक्ला, नागेन्द्र सिंह यादव, प्रमोद साहू, भानु पटेल, मोहित चंदेल, दीपू मिश्रा भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *