नदी में डूबे युवक का 24 घंटे बाद शव बरामद,विसर्जन के दौरान हुआ हादसा

    नदी में डूबे युवक का 24 घंटे बाद शव बरामद
– मूर्ति विसर्जन के दौरान हुआ हादसा
फोटो परिचय- घटनास्थल पर मौजूद पुलिस व ग्रामीणों की भीड़।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान ससुर खदेरी नदी में डूबे 35 वर्षीय युवक का शव करीब 24 घंटे बाद एसडीआरएफ टीम ने बरामद कर लिया। शव मिलने की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

बैरी गांव निवासी मनीष कश्यप शुक्रवार को गांव के लोगों के साथ ट्रैक्टर से मूर्ति विसर्जन के लिए ससुर खदेरी नदी पहुंचे थे। मूर्ति विसर्जन के बाद मनीष नदी में नहाने लगे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। युवक को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व क्षेत्रीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई गई, लेकिन देर रात तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। शनिवार को प्रशासन के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने मनीष कश्यप का शव नदी से बरामद कर लिया। खखरेरू थाना प्रभारी सतपाल सिंह और चौकी प्रभारी प्रशांत मिश्रा मय पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *