दीपावली की खुशियों से खिल उठे नौनिहालों के चेहरे, बच्चों को बांटे पटाखे
दीपावली की खुशियों से खिल उठे नौनिहालों के चेहरे, बच्चों को बांटे पटाखे
अयाह-शाह विधायक ने बच्चों को बांटे पटाखे – दीपावली की खुशियों से खिल उठे नौनिहालों के चेहरे
फोटो परिचय- बच्चों को पटाखे वितरित करते अयाह-शाह विधायक विकास गुप्ता। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। दीपावली के पावन पर्व पर गोपाल नगर स्थित श्री सीताराम मंदिर सिद्धपीठ दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र के विधायक विकास गुप्ता ने बच्चों को पटाखे वितरित कर उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। पटाखे पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे व उनके बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।
विधायक विकास गुप्ता ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली हमारी संस्कृति व परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है, जो आपसी प्रेम, भाईचारे व सौहार्द का संदेश देता है। त्योहारों की असली खुशी दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाने और जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने में है। कार्यक्रम में बच्चों व अभिभावकों से आतिशबाजी के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा बड़ों की निगरानी में ही पटाखे चलाने की अपील की गई, जिससे त्योहार को सुरक्षित और हर्षाेल्लास के साथ मनाया जा सके। इस मौके पर संतोष गुप्ता, शौर्य गुप्ता, जगदीश प्रसाद खंड विकास अधिकारी, रणधीर सिंह प्रधान, मोहित गुप्ता, रोहित मोदनवाल, मनीष कुमार, सुधीर गुप्ता, अनिल गुप्ता, डॉ. दीपक गुप्ता, विवेक राठौर, पंकज पांडेय, मंदिर के पुजारी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।