एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। कस्बे के रामनगर मोहल्ले में आबादी के बीच संचालित किए जा रहे माचिस के गोदाम को हटाने की मांग को लेकर एक मोहल्लेवासी ने एसडीएम से शिकायत की है। शिकायतकर्ता ने गोदाम से आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
रामनगर मोहल्ला निवासी ताराचंद्र पांडेय ने एसडीएम अश्वनी पांडेय को दिए शिकायती पत्र में बताया कि मोहल्ले में काफी वर्षों से एक व्यापारी द्वारा दुकान के साथ माचिस का गोदाम बनाया गया है। आबादी वाले क्षेत्र में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखे जाने से किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी रहती है। शिकायतकर्ता का कहना है कि मोहल्ले में बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं और आसपास आवासीय मकान भी हैं। ऐसे में माचिस का भंडारण लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि गोदाम को आबादी से हटाकर सुरक्षित स्थान पर कराया जाना आवश्यक है, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न न हो। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से गोदाम की जांच कराने तथा माचिस के भंडारण से संबंधित नियमों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। ताराचंद्र पांडेय ने एसडीएम से मांग की है कि मामले का स्थलीय निरीक्षण कराकर यदि गोदाम नियमों के विपरीत संचालित पाया जाए तो उसे तत्काल हटवाया जाए। शिकायत के बाद मोहल्लेवासियों को प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है। —————————————-
छात्रवृत्ति के लिए आनलाइन आवेदन की समय सारणी जारी एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिले के छात्र-छात्राओं के लिए पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने शैक्षिक सत्र 2026-27 में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के तहत ऑनलाइन आवेदन की समय-सारणी जारी कर दी है। पूर्वदशम कक्षा 9-10, दशमोत्तर कक्षा 11-12 तथा अन्य उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत सभी वर्गों के विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने के साथ उसकी हार्ड कॉपी संबंधित शिक्षण संस्था में जमा करनी होगी।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना में नवीनीकरण (त्मदमूंस) श्रेणी के छात्र 11 अगस्त से 25 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर हार्ड कॉपी विद्यालय में जमा कर सकेंगे। वहीं नवीन श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए आवेदन की प्रक्रिया 11 अगस्त से 21 सितंबर तक चलेगी। दशमोत्तर एवं अन्य उच्च कक्षाओं की छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत नवीनीकरण श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं हार्ड कॉपी जमा करने की प्रक्रिया 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक निर्धारित की गई है। जबकि नवीन श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है। विभाग ने विद्यार्थियों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय से आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ पाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।