खाद्य विभाग का स्वीट हाउस में छापा, जांच में असुरक्षित निकला खोया
खाद्य विभाग का स्वीट हाउस में छापा, जांच में असुरक्षित निकला खोया
खाद्य विभाग का स्वीट हाउस में छापा, जांच में असुरक्षित निकला खोया
– बृजवासी स्वीट हाउस पर खोया बनाने-बेंचने पर रोक
– पांच किलो दूषित मिठाई नष्ट; पनीर का नमूना जांच को भेजा एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मिठाइयों में मिलावट कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को विभागीय टीम ने सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अल्लीपुर बाजार स्थित बृजवासी स्वीट हाउस का दोबारा निरीक्षण किया। पूर्व में लिए गए खोया के नमूने की जांच रिपोर्ट में मानक से विचलन पाए जाने के बाद उसे असुरक्षितघोषित कर दिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक खोया में खाद्य तेल की मिलावट की संभावना सामने आई है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिलाधिकारी के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार ने प्रतिष्ठान का पुनः निरीक्षण किया। जांच रिपोर्ट के आधार पर संचालक ओम प्रकाश को लिखित नोटिस थमाते हुए खोया के निर्माण और बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई। कार्रवाई के दौरान दुकान पर खोया मौजूद नहीं मिला, लेकिन खोया से तैयार करीब 05 किलोग्राम मिठाई को टीम ने दूषित पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट करा दिया। साथ ही पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर उसका सर्विलांस नमूना लिया गया, जिसे परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। विभाग की कार्रवाई के बाद आसपास के मिठाई कारोबारियों में भी खलबली मची रही। खाद्य सुरक्षा विभाग ने केवल कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए लोगों को जागरूक करने का अभियान भी चलाया। सचल खाद्य प्रयोगशाला के जरिए राजकीय बालिका विद्यालय, फतेहपुर में छात्राओं को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। छात्राओं को रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों में मिलावट पहचानने के तरीके बताए गए तथा प्रयोगशाला के माध्यम से फूड टेस्टिंग की जानकारी दी गई। वर्मा चौराहा के आसपास दुकानदारों ने अपने 22 खाद्य पदार्थों की निःशुल्क जांच सचल खाद्य प्रयोगशाला से कराई। जांच में छेना, चीज और मैंगो रोल में स्टार्च की मिलावट पाई गई। टीम ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और मिलावट से बचने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार और अनुराधा मौजूद रहीं। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि अल्लीपुर स्थित बृजवासी स्वीट हाउस से खोया एवं खोया से तैयार मिठाइयां न खरीदें और किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट की आशंका होने पर संबंधित विभाग को सूचना दें। —————————————— —
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी पर आखिरकार किशनपुर पुलिस ने शिकंजा कस दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामजी सोनकर पुत्र रामसजीवन उर्फ लोट्टन निवासी ग्राम खपलिहाईपुर मजरे गढ़ा थाना किशनपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना किशनपुर में मु0अ0सं0 211/2026 दर्ज है। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 65(1), 74, 352, 351(3) बीएनएस तथा 5(द)/6 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के उपरांत न्यायालय के समक्ष पेश किया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 सुमित तिवारी, का0 अनुज राजपूत शामिल रहे। —————————————-
संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला कजियाना में संदिग्ध परिस्थितियों में 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुरालीजनों पर मारपीट का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार कजियाना मुहल्ला निवासी जावेद की पत्नी आसमा की संदिग्ध परिस्थितियों में घर में मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के चचेरे भाई ने बताया कि जानकारी मिली कि बहन की मौत हो गई है। जब मृतका के परिजन ससुराल पहुंचे तो घर वालों ने कहा कि करंट लगने से मौत हुई है। मृतका के परिजनों का कहना है कि जावेद की भांजी ने घर वालों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी। ससुराल वाले अक्सर आसमा के साथ मारपीट करते थे। जावेद अक्सर दूसरी शादी करने की धमकी देता था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण ज्ञात हो सकेगा। —————————————- ——–
पेड़ पर लटका मिला युवक का शव एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दरियापुर में गांव के समीप स्थित बाग में संदिग्ध परिस्थितियों में 47 वर्षीय युवक का शव फांसी पर लटका पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार दरियापुर गांव निवासी स्व0 शिवबालक सोनकर का पुत्र कमलेश सोनकर सोमवार की शाम शौचक्रिया के लिए घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। मंगलवार की सुबह शौचक्रिया करने गए ग्रामीणों ने गांव के बाहर बाग में पेड़ से कमलेश सोनकर का शव लटका देखा और पुलिस को सूचना दे दी। जिस पर रोते-बिखलते परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घर वालों के अनुसार मृतक कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। हो सकता है कि इसी वजह से फांसी लगाकर आत्महत्या की है। ————————————– –
ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बे में रोड किनारे खड़े बाइक सवार को बेकाबू ट्रैक्टर ने टक्कर मार दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बहुआ कस्बा निवासी शंकर लाल का पुत्र अजय 35 वर्ष सोमवार की शाम अपने घर से कुछ दूरी पर रोड किनारे बाइक रोक कर खड़ा था। इसी बीच तेज रफ्तार आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दिया जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से भाग जाने में सफल रहा। सूचना पाकर घटनास्थल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।