डीएम-एसपी ने परखी मंडी समिति की व्यवस्था, सुरक्षा का रहेगा कड़ा पहरा

  डीएम-एसपी ने परखी मंडी समिति की व्यवस्था, सुरक्षा का रहेगा कड़ा पहरा
– पोलिंग पार्टियों की रवानगी व ईवीएम जमा करने के लिए बनेगा केंद्र
– बैरिकेडिंग से लेकर सीसीटीवी तक की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
फोटो परिचय- मंडी समिति का जायजा लेतीं डीएम व साथ में एसपी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स तथा पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मंडी समिति का संयुक्त निरीक्षण किया। यहां से मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी तथा मतदान संपन्न होने के बाद ईवीएम जमा कराने की व्यवस्था प्रस्तावित है। दोनों अधिकारियों ने पूरे परिसर का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि मंडी समिति परिसर के साथ ही पार्किंग स्थल का भी बारीकी से निरीक्षण कर विस्तृत नक्शा तैयार कराया जाए। पोलिंग पार्टियों के आवागमन, वाहनों की पार्किंग और ईवीएम जमा करने की प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराई जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए परिसर में जरूरत के अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं, जिससे प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। डीएम ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को निर्देश दिए कि मंडी परिसर में बिजली, पेयजल, साफ-सफाई सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को समय रहते दुरुस्त करा लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने भी सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान पोलिंग पार्टियों की आवाजाही और ईवीएम की सुरक्षा को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, एआरटीओ, मंडी सचिव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *