Warning: opendir(/home/areomziw/azranews.in/wp-content/mu-plugins): Failed to open directory: Permission denied in /home/areomziw/azranews.in/wp-includes/load.php on line 981 दहेज की मांग ने तोड़ा रिश्ता, पति समेत सास-ससुर पर मुकदमा - Azra News
दहेज की मांग ने तोड़ा रिश्ता, पति समेत सास-ससुर पर मुकदमा
दहेज की मांग ने तोड़ा रिश्ता, पति समेत सास-ससुर पर मुकदमा
दहेज की मांग ने तोड़ा रिश्ता, पति समेत सास-ससुर पर मुकदमा
– दूसरी शादी की तैयारी का भी आरोप एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। दहेज उत्पीड़न के एक गंभीर मामले में किशनपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता की शिकायत पर उसके पति, सास और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़िता को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।
जानकारी के अनुसार किशनपुर कस्बा निवासी सोनम पुत्री चंद्रभवन ने थाना किशनपुर में दी गई तहरीर में बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व उसकी शादी कस्बे के ही रविंद्र कुमार के साथ दोनों परिवारों की सहमति से मंदिर में संपन्न हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों के बाद ही पति और उसके माता-पिता ने अतिरिक्त पांच लाख रुपये दहेज की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा आखिरकार घर से निकाल दिया गया। पीड़िता का कहना है कि क्षेत्र के संभ्रांत लोगों और समाजसेवियों के हस्तक्षेप के बाद कुछ समय के लिए उसे दोबारा ससुराल में रखा गया, लेकिन बाद में उसका पति नौकरी का बहाना बनाकर दूसरे प्रदेश चला गया। वहां पहुंचने के बाद उसने अपना मोबाइल नंबर बदल लिया और कथित रूप से दूसरी शादी की तैयारी करने लगा। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पति फोन पर लगातार धमकियां देता है और उसके भरण-पोषण के लिए किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं देता, जिससे उसे गंभीर आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए किशनपुर थाना पुलिस ने तत्काल पति, सास और ससुर के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न सहित अन्य सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन विवेचना की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि किशनपुर थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाता है और पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विवेचना पूरी निष्पक्षता के साथ की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।