भ्रष्टाचार, अवैध वसूली व बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ जताई नाराजगी

   कलक्ट्रेट में गरजा गुलाबी गैंग, मांगों का सौंपा ज्ञापन
– भ्रष्टाचार, अवैध वसूली व बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ जताई नाराजगी
फोटो परिचय- कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करतीं गुलाबी गैंग की महिलाएं।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं व प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ गुरुवार को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में गुलाबी साड़ी पहने व हाथों में डंडे लिए सैकड़ों महिलाओं ने भ्रष्टाचार व अव्यवस्थाओं के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए जिलाधिकारी को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से बहुआ ब्लॉक के सुजानपुर बहुआ देहात सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकियों को चालू कराने, खोदे गए रास्तों की मरम्मत कराने और प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र गरीबों को निष्पक्ष जांच के बाद लाभार्थी सूची में शामिल करने की मांग की गई। इसके अलावा फतेहपुर-बांदा सागर मार्ग स्थित जिंदपुर टोल प्लाजा पर राहगीरों से अभद्रता और ओवरलोडिंग के नाम पर कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग उठाई गई। संगठन ने शहर में जाम और दुर्घटनाओं का कारण बन रहे जर्जर बिजली पोलों को हटाने, पटाखा मंडी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, दुकानदारों का उत्पीड़न बंद कराने तथा थानों में महिलाओं और पीड़ितों की शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग भी रखी।

वहीं जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और बहुआ पीएचसी में बाहर की दवाएं लिखने तथा मरीजों से कथित अवैध वसूली की शिकायतों पर रोक लगाने की मांग की गई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सरला सिंह, मीना सिंह, संगीता, सरिता, राजरानी, सुमन, सत्यवती, गुड्डी, संयोगिता, रजिया, साजिदा, सतून, शहरुन, उर्मिला सहित संगठन की सैकड़ों महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *