डेंडासई में मकान के भीतर गौकशी कर मांस बेचने के मामले में था वांछित

     गौकशी के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली
– डेंडासई में मकान के भीतर गौकशी कर मांस बेचने के मामले में था वांछित
फोटो परिचय-  घायल अभियुक्त को लेकर जाती पुलिस टीम।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज धाता, फतेहपुर। धाता थाना क्षेत्र के डेंडासई गांव में आबादी के बीच मकान के अंदर गौकशी कर मांस बेचने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरवनपुर निदौरा निवासी अब्बास पुत्र रहीम के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद हुआ है।

गुरुवार की रात गौकशी के मुकदमे में वांछित अब्बास की गिरफ्तारी के लिए धाता पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी सरवनपुर निदौरा गांव के समीप छिपा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को घेरकर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें अब्बास के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल होकर गिरने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। बताया गया कि डेंडासई गांव में आबादी के बीच मकान में गौकशी कर मांस बेचने की घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। मामले में अब्बास समेत अन्य आरोपी वांछित चल रहे थे। पुलिस के अनुसार अब्बास के खिलाफ पूर्व में भी तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी रवि प्रकाश सिंह ने मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण किया और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि गौकशी के अभियोग में वांछित आरोपी अब्बास को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *