ग्यारह हॉटस्पॉट पर पुलिस का पहरा, अपराध पर कसेगा शिकंजा

    ग्यारह हॉटस्पॉट पर पुलिस का पहरा, अपराध पर कसेगा शिकंजा
– सात थाना क्षेत्रों में अस्थाई चौकी व चेक पोस्ट स्थापित
फोटो परिचय- अस्थाई चौकी में तैनात सिपाही।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। चोरी, छिनैती व लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने संवेदनशील माने गए नट डेरा और कंजर डेरा क्षेत्रों में निगरानी का दायरा और मजबूत कर दिया है। जिले में चिन्हित 34 हॉटस्पॉट में से सात थाना क्षेत्रों के 11 संवेदनशील स्थानों पर अस्थाई पुलिस चौकी और चेक पोस्ट स्थापित कर पुलिस की सीधी निगरानी शुरू कर दी गई है। इन स्थानों पर पुलिस की नियमित मौजूदगी के साथ गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।

एसपी के निर्देश पर की गई कार्रवाई का मकसद संवेदनशील क्षेत्रों में अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ चोरी, छिनैती और लूट की घटनाओं को होने से पहले रोकना है। अस्थाई चौकी और चेक पोस्ट के माध्यम से पुलिस ने इन इलाकों में अपनी मौजूदगी बढ़ा दी है। पुलिस कर्मी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं और संदिग्ध नजर आने वाले लोगों तथा वाहनों की जांच कर रहे हैं। मलवां थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर डेरा में अस्थाई पुलिस चौकी स्थापित की गई है। थाना खागा क्षेत्र में करसुआ, लाखीपुर नट का डेरा, पचीसा नट का डेरा और वनपुरवा को निगरानी के दायरे में लिया गया है। थाना गाजीपुर क्षेत्र के ग्राम शाह और मिर्जापुर में पुलिस चेक पोस्ट स्थापित की गई है। वहीं थाना हथगांव क्षेत्र के चकभुनागापुर/इस्लामनगर नट डेरा में भी पुलिस की अस्थाई चौकी बनाई गई है। थाना असोथर के गेण्डुरी, थाना ललौली के जजरहा और थाना राधानगर के विनोबानगर में भी पुलिस ने अपनी चौकियां स्थापित कर दी हैं। इन 11 हॉटस्पॉट पर पुलिस की नियमित गश्त के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही है। एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को हॉटस्पॉट पर निगरानी व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का जोर संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी, सक्रिय गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के जरिए अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने पर है। जिले के 34 चिन्हित हॉटस्पॉट में से फिलहाल 11 स्थानों पर शुरू हुई यह व्यवस्था आने वाले समय में अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस की सक्रियता बढ़ाने का आधार बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *