मरीज ने जिला अस्पताल की व्यवस्था पर उठाए सवाल,15 हजार मांगे जाने का आरोप

  मरीज ने जिला अस्पताल की व्यवस्था पर उठाए सवाल
– हाथ की हड्डी टूटने का दावा, ऑपरेशन के लिए 15 हजार मांगे जाने का आरोप
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। हाथ की हड्डी टूटने का दावा करने वाले एक गरीब मरीज ने उपचार में लापरवाही और ऑपरेशन के नाम पर 15 हजार रुपये खर्च बताए जाने का आरोप लगाते हुए बेहतर इलाज की गुहार लगाई है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

खागा तहसील खागा क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास रहने वाले पीड़ित मरीज के अनुसार वह हाथ में गंभीर चोट लगने के बाद जिला अस्पताल की इमरजेंसी में इलाज कराने पहुंचा था। उसका आरोप है कि इमरजेंसी में केवल प्राथमिक पट्टी बांधकर उसे ऑपरेशन की जरूरत बताते हुए करीब 15 हजार रुपये का खर्च बताया गया। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वह इलाज कराने में असमर्थ रहा और निराश होकर अस्पताल से बाहर निकल आया। अस्पताल परिसर के बाहर मौजूद उद्योग व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा से मुलाकात होने पर पीड़ित ने अपनी आपबीती सुनाई और बेहतर इलाज दिलाने की गुहार लगाई। मामले की जानकारी मिलने के बाद किशन मेहरोत्रा ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में सुविधाओं की कमी साफ दिखाई देती है। उनका कहना था कि अस्पताल की व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए शासन-प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और मरीजों के लिए एक बड़ा हॉल बनाया जाए तथा पूरी व्यवस्था सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संचालित हो, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। बताया गया कि पीड़ित मरीज ने सोमवार को किशन मेहरोत्रा की मौजूदगी में बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। वहीं, इस संबंध में जिला अस्पताल प्रशासन का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। यदि अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया आती है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
—————————————- 

   रेडक्रास के शिविर में छह यूनिट रक्त हुआ संग्रहित
– बारिश के बावजूद रक्तदान के लिए दिखा उत्साह
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिला अस्पताल में रक्त की कमी को देखते हुए गुरुवार को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के संयोजकत्व में विकास भवन सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना के मार्गदर्शन व रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना रहे, जबकि जिला विकास अधिकारी साधना दीक्षित विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। शिविर में कुल छह यूनिट रक्तदान किया गया, जबकि 15 लोगों ने आगामी रक्तदान शिविर में रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया। रक्तदान करने वालों में सबसे पहले जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रगति मिश्रा ने रक्तदान कर दूसरों को प्रेरित किया। इसके बाद सूरज सविता, रामेश्वर, अखिलेश कुमार, रंजीत सिंह, सुधांशु श्रीवास्तव ने मानवता की सेवा के लिए स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर के समापन पर जिला विकास अधिकारी साधना दीक्षित एवं रेडक्रॉस चेयरमैन डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अत्यधिक बारिश के कारण कुछ इच्छुक रक्तदाता शिविर में नहीं पहुंच सके। इसे देखते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी ने जल्द ही पुनः रक्तदान शिविर आयोजित करने की घोषणा की। सीडीओ ने रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं मानवीय कार्यों की सराहना की। डॉ. अनुराग ने विकास भवन के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला अस्पताल रक्त केंद्र से डॉ. डीके वर्मा, रक्त संचरण समिति के संयोजक अशोक शुक्ल, बृजकिशोर, विनोद कुमार, अजय कुमार एवं कमला प्रसाद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
————————————— —


 इलाज कराने आये अधेड़ की हार्टअटैक से मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिला चिकित्सालय इलाज कराने आया 55 वर्षीय अधेड़ जैसे ही ईसीजी कराने पहुंचा तभी उसे हार्टअटैक आ गया, तत्काल उसे इमरजेन्सी लाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार बिहार प्रान्त के जिला वैशाली थाना भवानपुर गांव मांगनपुर निवासी स्व0 बासुदेव पाण्डेय का पुत्र सचिदानन्द पाण्डेय अपने साले राजू पाण्डेय व रिश्तेदार मुकेश पाण्डेय के साथ पेंटिंग बुक बेंचने का काम करते थे। बताते हैं कि गुरूवार की सुबह सच्चिदानन्द पाण्डेय की तबियत बिगड़ गयी। जिस पर वह जिला चिकित्सालय आया। चिकित्सक को दिखाने के बाद उसे ईसीजी के लिए भेजा। जब वह ईसीजी रूम पहंुचा तभी अचानक उसे हार्टअटैक आ गया जिससे वह जमीन पर गिर गया। ईसीजी स्टाफ ने उसे तत्काल इमरजेंसी पहुंचाया। जहां इमरजेन्सी में तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं साथ में आया मृतक साला संजीव पाण्डेय व रिश्तेदार मुकेश पाण्डेय ने बताया कि वह लोग पेंटिंग बुक बेंचने का काम करते है और जनपद में प्राइमरी व सरकारी स्कूल में जाकर छात्रो को पेंटिंग बुक दिखाकर बेंचते है जिससे उनका गुजारा चलता है। साले ने बताया कि आज सुबह तबियत खराब होने पर उसके जीजा इलाज कराने के लिए आये थे। तभी हार्टअटैक आ जाने से उनकी मौत हो गयी। पोस्टमार्टम न कराने के उद्देश्य से इमरजेंसी में लिखा पढी के बाद शव को अपने जिला वैशाली ले गये।
————————————— –

   किशोर को सर्प ने डसा, भर्ती
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम शंकरपुर में गुरूवार की सुबह खेत में भिन्डी तोडते समय 17 वर्षीय किशोर को सर्प ने डस लिया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार शंकरपुर गांव निवासी ओमप्रकाश का पुत्र अमन सिंह सुबह पहर खेत में भिन्डी तोडने गया था। तभी जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। इसकी जानकारी जब घर वालो को हुयी तो उसे तत्काल सरकारी एम्बुलंेस द्वारा उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *