16.50 लाख के फोन बरामद, दूसरे राज्यों तक पहुंची पुलिस की निगाह
16.50 लाख के फोन बरामद, दूसरे राज्यों तक पहुंची पुलिस की निगाह
पुलिस ने 116 मोबाइल खोजकर मालिकों को लौटाए
– 16.50 लाख के फोन बरामद, दूसरे राज्यों तक पहुंची पुलिस की निगाह
फोटो परिचय- मालिकों को मोबाइल सौंपते एसपी अभिमन्यु मांगलिक। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मोबाइल गुम हुआ तो किसी ने उम्मीद छोड़ दी, किसी ने महंगा फोन वापस मिलने की आस ही छोड़ दी थी लेकिन सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायत ने गुम मोबाइलों की लोकेशन का सुराग दिया और पुलिस की टीमों ने उन्हें खोज निकाला। पुलिस ने एक साथ 116 मोबाइल बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कीमत करीब 16.50 लाख रुपये है। पुलिस लाइन में जब एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने लोगों को उनके खोए मोबाइल वापस किए तो उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि त्योहारों से पहले ही नहीं, बल्कि नियमित अंतराल पर खोए और गिरे मोबाइलों को उनके स्वामियों तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जाता है। मोबाइल गुम होने के बाद पीड़ित द्वारा शिकायत दर्ज कराने पर उसकी सूचना सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से पुलिस तक पहुंचती है। इसके बाद यदि गुम मोबाइल में कोई नया सिम डालकर उसका इस्तेमाल करता है तो सिस्टम के जरिए उसका पता चल जाता है और पुलिस टीम उसे बरामद कर लेती है। अभियान में जनपदीय सीसीटीएनएस टीम और सभी थानों की सीसीटीएनएस टीमों ने लगातार निगरानी और समन्वित कार्रवाई की। टीमों ने जिले के साथ-साथ गैरजनपदीय क्षेत्रों और अन्य राज्यों से भी अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल बरामद किए। बरामद मोबाइलों में कोतवाली के 19, खागा के 16, गाजीपुर के 10, राधानगर के नौ, बिंदकी, थरियांव व हथगांव के सात-सात और हुसैनगंज के छह मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा किशनपुर व असोथर के पांच-पांच, खखरेरू के चार तथा अन्य थाना क्षेत्रों के मोबाइल भी बरामद किए गए। मोबाइल वापस पाकर लाभार्थियों ने पुलिस के इस त्वरित और प्रभावी अभियान की सराहना करते हुए आभार जताया। मोबाइल बरामदगी में जनपदीय सीसीटीएनएस टीम और सभी थानों की सीसीटीएनएस टीमें शामिल रहीं।