जिला अस्पताल में दिव्यांगजनों के लिए बनेगी अलग कतार : डीएम

  जिला अस्पताल में दिव्यांगजनों के लिए बनेगी अलग कतार: डीएम
– जिले के 21957 दिव्यांगजनों को मिल रही पेंशन, 37048 के बने यूडीआईडी कार्ड
फोटो परिचय-  जिला दिव्यांग बंधु व लोकल लेवल कमेटी की बैठक लेतीं डीएम।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने व उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में जिला दिव्यांग बंधु एवं लोकल लेवल कमेटी की बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल में दिव्यांगजनों के लिए अलग कतार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिए। साथ ही दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बैठक में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद के 21957 दिव्यांगजनों को पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। दुकान निर्माण एवं संचालन योजना के अंतर्गत निर्धारित 18 आवेदनों के लक्ष्य के सापेक्ष सभी 18 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इसी प्रकार शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में भी 18 के लक्ष्य के सापेक्ष 18 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय द्वारा अब तक 37048 दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड जनरेट किए जा चुके हैं। वहीं कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 848 लाभार्थियों को उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिह्नित किया गया है। जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को निर्देशित किया कि दिव्यांग पेंशन से संबंधित सभी लंबित आवेदन पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए। दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए उन्हें स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, उपायुक्त उद्योग, जिला प्रोबेशन अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक एलडीएम, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *