नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को केंद्र सरकार से कहा कि वह तलाक, परित्याग, गोद लेने और एकल मां से जुड़े मामलों में बच्चों को उनकी मां की जाति के आधार पर जाति प्रमाणपत्र जारी करने के लिए दिशा-निर्देश बनाने की संभावना पर विचार करे। अदालत ने कहा कि यह मुद्दा विशेष रूप से उन मामलों में महत्वपूर्ण हो जाता है, जहां बच्चे का संरक्षण और परवरिश मां के पास होती है।
जस्टिस जोयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने सुनवाई के दौरान इस बात पर विचार किया कि क्या बच्चे की जाति पिता की जाति के आधार पर निर्धारित करने के स्थापित सिद्धांत में कुछ विशेष परिस्थितियों के लिए अपवाद बनाया जा सकता है।
पीठ ने केंद्र सरकार की ओर से पेश अटार्नी जनरल आर. वेंकटरमणि से इस मुद्दे पर विचार करने और कानूनी एवं संवैधानिक सवालों को सुलझाने में अदालत की सहायता करने को कहा।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि तलाक, परित्याग, गोद लेने या एकल मां के मामलों में कई बार बच्चे की पूरी जिम्मेदारी मां के पास होती है। ऐसे में यदि मां किसी आरक्षित जाति से संबंधित है तो बच्चे को जाति प्रमाणपत्र देने के लिए केवल पिता की जाति को आधार बनाना उचित है या नहीं, इस पर विचार करने की जरूरत है।
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि वह एक ही जाति के माता-पिता और अंतरजातीय विवाह से जुड़े मामलों को अलग-अलग करके नहीं देखना चाहती। पीठ ने कहा कि इन सभी परिस्थितियों से जुड़े मुद्दों पर एक साथ विचार किया जाएगा।
दरअसल, भारत में अब तक सामान्य तौर पर बच्चे की जाति पिता की जाति के आधार पर निर्धारित की जाती रही है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट पहले भी स्पष्ट कर चुका है कि यह कोई ऐसा अटल नियम नहीं है, जिसमें विशेष परिस्थितियों में बदलाव की गुंजाइश न हो। कुछ मामलों में यह भी देखा जा सकता है कि बच्चे का पालन-पोषण किस समुदाय में हुआ और उसे किन सामाजिक परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
इस मामले में केंद्र सरकार से विचार करने को कहने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाओं पर आगे की सुनवाई के लिए मामला स्थगित कर दिया। अब इस मुद्दे पर केंद्र की ओर से दिए जाने वाले सुझाव और संभावित दिशा-निर्देशों पर आगे विचार किया जाएगा।
