सड़क सुरक्षा एवं बाल अधिकार के प्रति शिक्षकों को किया जागरूक

  एफएलएन प्रशिक्षण में साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा एवं बाल अधिकार के प्रति शिक्षकों को किया जागरूक

ब्यूरो सुरेंद्र धुरिया अज़रा न्यूज़ बांदा–   बीआरसी बड़ोखर खुर्द में चल रहे एफएलएन प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सिंह एवं सड़क सुरक्षा मंडल अधीक्षक पीयूष त्रिपाठी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों विशेष अतिथियों ने अपने उद्बोधन के माध्यम से उपस्थित शिक्षकों को साइबर अपराध एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सिंह ने साइबर अपराध से बचाव के लिए मोबाइल एवं इंटरनेट का सावधानीपूर्वक प्रयोग करने की सलाह दी। उन्होंने मोबाइल की प्राइवेसी का विशेष ध्यान रखने, ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी एवं अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की अपील की। उन्होंने बताया कि बच्चों की फोटो बिना अनुमति खींचना अथवा उनकी तस्वीरों का अनुचित उपयोग करना भी साइबर अपराध की श्रेणी में आ सकता है। उन्होंने कहा कि मोबाइल खराब होने पर उसे किसी अनधिकृत व्यक्ति को बेचने के बजाय सुरक्षित तरीके से क्रैश कराया जाए, ताकि उसमें मौजूद व्यक्तिगत एवं संवेदनशील जानकारी का दुरुपयोग न हो सके। साथ ही विद्यालय में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश न होने देने के संबंध में भी शिक्षकों को जागरूक किया गया।उन्होंने बताया कि बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़े प्रावधानों के अंतर्गत इस प्रकार की लापरवाही गंभीर अपराध का रूप ले सकती है तथा धारा 74 के प्रावधानों के प्रति भी जागरूक किया। अपर पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षण में उपस्थित शिक्षकों के साथ साइबर अपराध एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रश्नोत्तरी भी की। उन्होंने विभिन्न प्रश्न पूछकर शिक्षकों की जागरूकता एवं जानकारी को परखा तथा सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया। सड़क सुरक्षा मंडल अधीक्षक पीयूष त्रिपाठी ने यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग तथा सड़क पर सुरक्षित व्यवहार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को भी सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी बड़ोखर खुर्द किशन कुमार ने की। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में एआरपी एवं संदर्भदाता धनंजय सिंह, हर्ष श्रीवास्तव , बृजेन्द्र सिंह, लेखाकार कामता अवस्थी तथा बीआरसी का समस्त स्टाफ सहित प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रहे शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सिंह जी, सड़क सुरक्षा मंडल अधीक्षक पीयूष त्रिपाठी जी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम तिवारी जी को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने साइबर अपराध एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं तथा विद्यार्थियों एवं समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *