टीजीटी परीक्षा नकलविहीन और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न
टीजीटी परीक्षा नकलविहीन और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न
टीजीटी परीक्षा नकलविहीन और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न, डीएम- एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण
दीपक धुरिया जालौन अजरा न्यूज जालौन। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) लिखित परीक्षा जनपद जालौन में कड़ी सुरक्षा और नकलविहीन वातावरण में सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा के निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरे समय मुस्तैद रहा।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की सघन जांच, सीसीटीवी निगरानी, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आयोग के दिशा-निर्देशों के शत-प्रतिशत पालन के निर्देश दिए।
जनपद में टीजीटी परीक्षा के लिए कुल सात परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। प्रथम पाली में 2,788 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1,269 उपस्थित रहे जबकि 1,519 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 2,127 अभ्यर्थियों में से 1,033 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 1,094 अनुपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत रखा गया। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की गई और किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि को रोकने के लिए पुलिस बल लगातार सक्रिय रहा।
दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न होने पर प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया।