बदहाल यातायात व्यवस्था पर व्यापार मंडल ने जताई नाराजगी

   बदहाल यातायात व्यवस्था पर व्यापार मंडल ने जताई नाराजगी
– रोडवेज बसों का संचालन परिसर से कराने, मेडिकल कॉलेज के सामने फुटओवर ब्रिज बनवाने की मांग
फोटो परिचय-  डीएम को ज्ञापन सौंपते उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज अज़रा न्यूज — फतेहपुर। शहर की चरमराई यातायात व्यवस्था, बढ़ते हादसों की आशंका और जनसुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। जिलाध्यक्ष बृजेश सोनी के नेतृत्व में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर जनहित से जुड़े मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

व्यापार मंडल ने रोडवेज बसों के परिसर के बाहर से संचालन को यातायात व्यवस्था में बड़ी बाधा बताते हुए बसों का संचालन बस स्टेशन परिसर के अंदर से कराए जाने की मांग की। शादीपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम को आबादी से बाहर स्थानांतरित कराने की मांग भी ज्ञापन में प्रमुखता से उठाई गई। मेडिकल कॉलेज के सामने फुटओवर ब्रिज निर्माण की मांग को भी जनहित से सीधे जुड़ा मुद्दा बताया गया। व्यापार मंडल के अनुसार हाईवे पार कर मेडिकल कॉलेज जाने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को जान जोखिम में डालकर सड़क पार करनी पड़ती है।

ज्ञापन में सड़क सुरक्षा समिति में व्यापार मंडल की भागीदारी सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। व्यापार मंडल ने शहर की सड़कों के बीच आ चुके विद्युत पोलों को तत्काल हटाकर सड़क किनारे स्थानांतरित कराने की मांग भी उठाई। इस अवसर पर जिला संरक्षक विनोद गुप्ता, जिला प्रभारी संजय गुप्ता, रज्जन गुप्ता, संजय जौहरी, मो. आसिफ एडवोकेट, अनीत अग्रहरि एडवोकेट, धीरज कुमार, बृजेंद्र यादव एडवोकेट सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *