पुलिस के हत्थे चढ़ा गंभीर आपराधिक मामले का वारंटी,अन्य लघु खबरों के साथ

  पुलिस के हत्थे चढ़ा गंभीर आपराधिक मामले का वारंटी
– कल्यानपुर पुलिस की कार्रवाई, न्यायालय में किया पेश
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। कल्यानपुर थाना पुलिस ने गंभीर आपराधिक मामले में वांछित चल रहे वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट व भारतीय दंड संहिता की कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
कल्यानपुर पुलिस ने सोमवार को मुखबिर की सूचना एवं सघन तलाश अभियान के दौरान वारंटी अभियुक्त शम्भू सिंह पुत्र ओमप्रकाश निवासी ग्राम कोरसम थाना कल्यानपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध एसटी संख्या 851/2022 एवं मुकदमा अपराध संख्या 118/2022 न्यायालय में विचाराधीन है। मामले में धारा 354क, 376(3), 452, 504, 506 भादवि, पॉक्सो एक्ट की धारा 4 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(टं), 3(1)(द) एवं 3(1)(ध) के तहत आरोप दर्ज हैं। न्यायालय द्वारा जारी वारंट के अनुपालन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों, वारंटियों और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून से बचने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक संजय सिंह परिहार एवं हेड कांस्टेबल अनिल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


 


मिशन शक्ति: महिलाओं व बालिकाओं को किया जागरूक
– एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर चलाया अभियान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद भर में संचालित मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2) अभियान के अंतर्गत सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। साथ ही ग्राम चौपालों का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के लिए संवाद स्थापित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध पोर्टल के बारे में अवगत कराया गया और जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस विभाग ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। अभियान के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
—————————————- –

जून-जुलाई में एसपी का जनसुनवाई रोस्टर जारी
– सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक होगा कार्यक्रम
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए जून और जुलाई माह का जनसुनवाई रोस्टर जारी किया है। निर्धारित कार्यक्रम के तहत एसपी स्वयं विभिन्न थानों पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे।
रोस्टर के अनुसार जनसुनवाई कार्यक्रम प्रत्येक निर्धारित दिवस पर सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित किया जाएगा। शनिवार और रविवार को छोड़कर एसपी अलग-अलग थानों में पहुंचकर जनता से सीधे संवाद करेंगे। 3 जून को हुसैनगंज, 5 जून को असोथर, 10 जून को थरियांव, 12 जून को जहानाबाद, 17 जून को बकेवर, 19 जून को कल्यानपुर, 24 जून को औंग, 26 जून को खागा, 1 जुलाई को खखरेरू, 3 जुलाई को किशनपुर, 7 जुलाई को धाता तथा 9 जुलाई को सुल्तानपुर घोष थाने में जनसुनवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी शिकायतों और समस्याओं के निस्तारण के लिए निर्धारित तिथि और समय पर संबंधित थाने पहुंचकर जनसुनवाई कार्यक्रम का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *