शिव महापुराण कथा के समापन पर उमड़ा आस्था का सैलाब
– स्वामी आत्मानंद गिरि जी महाराज की विदाई पर छलक पड़े भक्तों के आंसू
फोटो परिचय- पूर्णाहुति कार्यक्रम में भाग लेते श्रद्धालु। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मलवा विकास खंड के अंतर्गत ग्राम रेवाड़ी बुजुर्ग में नवयुवक जागरण मंच की रजत जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित नौ दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा एवं रामलीला महोत्सव का समापन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के बीच पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन के साथ भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
नौ दिनों तक गांव की धरती शिवभक्ति, हर-हर महादेव के जयघोष और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रही। कथा वाचक महामंडलेश्वर स्वामी आत्मानंद गिरि जी महाराज (जूना अखाड़ा) ने अपने प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा, सनातन धर्म की परंपराओं, भक्ति, सदाचार व आध्यात्मिक जीवन के महत्व का संदेश दिया। महोत्सव के समापन पर विधि-विधान से पूर्णाहुति संपन्न कराई गई। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में ग्रामीणों, युवाओं और क्षेत्रवासियों की सहभागिता ने धार्मिक उत्सव को भव्यता प्रदान की। रजत जयंती वर्ष में आयोजित इस महोत्सव ने गांव की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को नई ऊर्जा प्रदान की। कथा के समापन के बाद जब स्वामी आत्मानंद गिरि जी महाराज प्रस्थान करने लगे, तो वातावरण भावुक हो उठा। इस अवसर पर डॉ. प्रशांत पाण्डेय, अजीत कुमार सैनी, पीयूष दीक्षित, रवि मिश्रा प्रधान, नीरज अग्निहोत्री, रमाकांत सैनी, महेंद्र अग्निहोत्री, अंकित, ऋतिक, लल्लू अग्निहोत्री, मोहित पांडेय पम्मू, नरेश कुशवाहा, रजय सिंह सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।