आरोपी दे रहे जान माल की धमकी, पुलिस कार्रवाई में बरत रही लापरवाही
आरोपी दे रहे जान माल की धमकी, पुलिस कार्रवाई में बरत रही लापरवाही
बालिका से दुष्कर्म का आरोप, एसपी से गुहार
– आरोपी दे रहे जान माल की धमकी, पुलिस कार्रवाई में बरत रही लापरवाही मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के कैथनपुर मजरे सुसवन बुजुर्ग गांव निवासी एक महिला ने अपनी नौ वर्षीय पुत्री के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि घटना के कई दिन बाद भी पुलिस ने न तो बच्ची का समुचित मेडिकल परीक्षण कराया और न ही आरोपी की गिरफ्तारी की, जिससे परिवार दहशत में है।
पीड़िता की मां के अनुसार 19 जुलाई को वह धान की रोपाई के लिए खेत गई थी। इसी दौरान पड़ोस का युवक सचिन ने कथित रूप से उसकी पुत्री को बहाने से अपने घर बुलाया जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। शाम को घर लौटने पर बच्ची की हालत खराब मिली। परिजनों का आरोप है कि बच्ची के कपड़े अस्त-व्यस्त थे और उसके निजी अंग से रक्तस्राव हो रहा था। होश में आने पर बच्ची ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। महिला का कहना है कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अगले दिन थाने बुलाया गया, लेकिन काफी देर तक बैठाए रखने के बावजूद बच्ची का तत्काल मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया। बाद में रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद कई दिनों तक न तो मेडिकल कराया गया और न ही आरोपी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। शिकायती पत्र के अनुसार 24 जुलाई को पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष के लोगों ने मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी पक्ष प्रभावशाली होने के कारण पुलिस कार्रवाई प्रभावित हो रही है। महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए बच्ची का विधिवत मेडिकल परीक्षण, मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी तथा नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने की मांग की है। साथ ही परिवार की सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी गुहार लगाई है।