बांदा के घाटों से निकल रही मोरम, फतेहपुर की सड़कों पर दौड़ रहे ओवरलोड डंपर

  बांदा के घाटों से निकल रही मोरम, फतेहपुर की सड़कों पर दौड़ रहे ओवरलोड डंपर
– प्रशासनिक निगरानी पर उठे सवाल, हादसों के बावजूद कार्रवाई का इंतजार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। बांदा के मोरम घाटों से खनन के बाद निकलने वाले ओवरलोड डंपर फतेहपुर की सड़कों पर खुलेआम मौत बनकर दौड़ रहे हैं। खागा तहसील क्षेत्र में इन भारी वाहनों की आवाजाही इस कदर बढ़ गई है कि सड़क सुरक्षा व यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। आरोप है कि ओवरलोड डंपर प्रशासनिक अधिकारियों की नजरों के सामने से बेखौफ गुजर रहे हैं, लेकिन इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इन वाहनों पर कार्रवाई का जिम्मा संभालने वाले विभाग कब जागेंगे?

स्थानीय स्तर पर सामने आए वीडियो व शिकायतों में बांदा के मोरम घाटों से फतेहपुर की ओर बड़ी संख्या में डंपरों के आने-जाने का मामला उठाया गया है। आरोप है कि बांदा में संचालित घाटों से निकलने वाली मोरम का बड़ा कारोबार फतेहपुर की सीमा में हो रहा है। इसके बावजूद खनन, राजस्व और परिवहन विभाग की निगरानी व्यवस्था सवालों के घेरे में है। खागा तहसील क्षेत्र में ओवरलोड वाहन प्रशासनिक अमले के सामने से गुजरते हैं, लेकिन उन पर अंकुश लगाने की कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। ओवरलोडिंग का यह खेल केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क पर चलने वाले आम लोगों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बन रहा है। भारी वजन से लदे डंपरों की तेज रफ्तार और अनियंत्रित आवाजाही से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

पूर्व में भी ओवरलोड वाहनों से जुड़े हादसों में कई लोगों की जान जाने और परिवारों के उजड़ने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद यदि ऐसे वाहन सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे हैं तो यह व्यवस्था की गंभीर विफलता मानी जाएगी। सबसे बड़ा सवाल यह है कि बांदा व फतेहपुर दोनों जिलों के संबंधित विभागों के बीच निगरानी और कार्रवाई को लेकर समन्वय क्यों नहीं दिखाई दे रहा है? यदि घाटों से निकलने वाले वाहनों की लोकेशन और उनकी आवाजाही सामने है तो ओवरलोडिंग की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही? स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मोरम घाटों से निकलने वाले वाहनों की वैधता, खनन परिवहन प्रपत्र, निर्धारित भार क्षमता और रास्ते में होने वाली ओवरलोडिंग की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले डंपर संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी और बड़े हादसे से पहले सड़कों पर दौड़ रहे इस खतरे पर लगाम लग सके।
———————————– 
 सड़क हादसे में महिला की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के अल्लीपुर एनएच-2 में रविवार की सुबह सड़क पार कर रही 30 वर्षीय महिला को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार अल्लीपुर निवासी राजेश की पत्नी मिथलेश देवी रविवार की सुबह लगभग छह बजे सड़क पार कर रहे अपने खेत धान काटने जा रही थी। जब वह सड़क पार करने लगी तभी विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित भाग जाने में सफल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। मृतका अपने पीछे 4 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी, 6 वर्षीय गौरी व 10 वर्षीय पुत्र किशन को छोड़ गई है। मां की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मचा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *