मेडिकल कॉलेज के सामने फास्ट फूड दुकान में आग, बड़ा हादसा टला

   मेडिकल कॉलेज के सामने फास्ट फूड दुकान में आग, बड़ा हादसा टला
‘समोसा जंक्शन’  सिलेंडर में लगी आग से अफरा-तफरी, हजारों का सामान जलकर राख
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन — उरई (जालौन), संवाददाता। शहर के व्यस्ततम इलाके में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मेडिकल कॉलेज के ठीक सामने स्थित ‘समोसा जंक्शन’ नामक फास्ट फूड की दुकान में गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान से ऊंची लपटें उठने लगीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान में समोसा, डोसा और चाउमीन आदि बनाए जा रहे थे। इसी दौरान सिलेंडर में आग भड़क उठी, जिससे आसपास के दुकानदारों और ग्राहकों में भगदड़ की स्थिति बन गई। आग की लपटें पास स्थित कपड़े की दुकान तक पहुंच गईं और एक अन्य दुकान को भी अपनी चपेट में लेने लगीं।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
मौके पर मौजूद लोगों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए जलते सिलेंडर को बाहर निकालने का प्रयास किया। साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।
हालांकि तब तक दुकान का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
व्यस्त क्षेत्र में सुरक्षा पर सवाल
घटनास्थल मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित है, जहां दिनभर भारी भीड़ रहती है। आसपास बहुमंजिला इमारतें और कई दुकानें हैं। यदि आग और फैलती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इस मार्ग पर अतिक्रमण की समस्या गंभीर है। कई दुकानों में घरेलू गैस सिलेंडर और एक से अधिक तंदूर का उपयोग बिना पर्याप्त अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के किया जा रहा है। अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *