जालौन में होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, गुड़-दूध समेत कई नमूने भरे
जालौन में होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, गुड़-दूध समेत कई नमूने भरे
जालौन में होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, गुड़-दूध समेत कई नमूने भरे दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन — आगामी होली पर्व को देखते हुए शासन के निर्देश पर जनपद की विभिन्न तहसीलों में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सघन अभियान चलाकर कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। त्योहार के दौरान आमजन को शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के आदेशानुसार नायब तहसीलदार माधोगढ़ भुवेंद्र सिंह एवं सहायक आयुक्त (खाद्य) जालौन डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम लगातार सक्रिय है।
माधोगढ़ तहसील में नमूना संग्रहण
माधोगढ़ तहसील के अंतर्गत ग्राम डिकौली में इकबाल की गुड़ भट्टी से गुड़ का नमूना लिया गया। वहीं ग्राम गोहन में सफराज व फुरकान की गुड़ भट्टियों से तथा ग्राम जमरेही में शानवर की गुड़ भट्टी से भी गुड़ के नमूने संग्रहित किए गए।
इसके अतिरिक्त माधोगढ़ बाजार स्थित सुमित कुमार विश्नोई के प्रतिष्ठान से मैदा तथा सुदेश विश्नोई के प्रतिष्ठान से मक्का पोहा का नमूना लिया गया।
कालपी तहसील में भी कार्रवाई
कालपी तहसील के कदौरा कस्बे में स्थित ‘अपनी दूध डेयरी’ से दूध का नमूना संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। सभी नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई नमूना मानक के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जागरूकता अभियान भी जारी
खाद्य सुरक्षा विभाग की फूड सेफ्टी वैन के माध्यम से कालपी तहसील के जोल्हूपुर चौराहा पर आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक किया गया। विभागीय टीम ने बताया कि त्योहारों तक जिले के विभिन्न बाजारों में निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, अनिल कुमार शंखवार, सुनील कुमार एवं महेश प्रसाद उपस्थित रहे।