गुरुओं ने दी मंत्र दीक्षा, माताओं-बहनों ने भिक्षा देकर निभाई परंपरा

 धर्म संस्कार महोत्सव में 27 बटुकों का हुआ यज्ञोपवीत संस्कार
– गुरुओं ने दी मंत्र दीक्षा, माताओं-बहनों ने भिक्षा देकर निभाई परंपरा
– मामा ने नेग देकर आचार्यों से शिक्षा ग्रहण करने के लिए किया प्रेरित
फोटो परिचय-  यज्ञोपवीत संस्कार में भाग लेते बटुक।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज अमौली, फतेहपुर। अमौली विकास खंड के बुड़वा गांव स्थित ब्रह्मदेव सरकार आश्रम में आयोजित धर्म संस्कार महोत्सव के छठवें दिन रविवार को धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच 27 बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। इस दौरान वेदी पूजन, हवन व वैदिक परंपराओं के निर्वहन के बीच बटुकों ने यज्ञोपवीत धारण कर संस्कार की दीक्षा प्राप्त की।

यज्ञाचार्य विमल शास्त्री, उमाशंकर दीक्षित, राजन शुक्ला, अवनीत द्विवेदी, उत्कर्ष पांडेय, सोम द्विवेदी, अर्पित तिवारी की टीम ने विधि-विधान से वेदी पूजन एवं हवन संपन्न कराया। इसके बाद बटुकों को यज्ञोपवीत धारण कराया गया। गुरुओं ने मंत्र दीक्षा देकर उन्हें धर्म, संस्कार और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की सीख दी। वहीं माताओं व बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार बटुकों को भिक्षा प्रदान की। संस्कार के दौरान मामा ने नेग देकर बटुकों को काशी जाने के बजाय स्थानीय आचार्यों के सानिध्य में ही शिक्षा ग्रहण करने के लिए राजी किया। यह परंपरा कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। यज्ञोपवीत संस्कार से गुजरने वाले बटुकों में अनुज, सत्यम, सोहित, शैलेन्द्र, ओमजी, रंगनाथ, शिवओम, संतोष, प्रफुल्ल, अभिषेक, श्रीप्रभु, सत्यनारायण, दीपू, दिव्यांश, निखिल, नितिन, अंकित, ऋषि, विशाल, ईशू, राघवेंद्र, आलोक, शिवम, शुभम, देवांश और आशीष शामिल रहे। एक समाचार पत्र के संपादक अनाम पांडेय व लखनऊ के प्रमुख चर्चित पांडेय ने बटुकों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में जगमोहन, संयोजक विमलेश त्रिवेदी, लाल मिश्रा, जगदीश पांडेय, नरेंद्र बाजपेयी, चंदन, विराट, मनु, शिवम, अमित, हिमांशु, हिमांक, अमन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *