मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: डीएम
मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: डीएम
मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: डीएम
– डीएम ने बूथों पर पहुंचकर परखी जमीनी हकीकत, बीएलओ को दिए निर्देश
फोटो परिचय- बूथों का निरीक्षण करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 को लेकर जिला प्रशासन पूरी सक्रियता से जुटा है। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने से बचाने के लिए रविवार को विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, नामों में संशोधन व दावे-आपत्तियों के निस्तारण की स्थिति परखी। साथ ही बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत पूरी पारदर्शिता व जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जीआईसी स्थित बूथ संख्या 37, 38, 39, 40, 41 एवं 42 तथा श्री नागा निरंकारी बालिका इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या 65, 66, 67 एवं 68 का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित बूथों पर तैनात बीएलओ से प्राप्त दावे एवं आपत्तियों, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा मतदाता सूची में नामों के संशोधन से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं सहित सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
डीएम ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन से संबंधित प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। बीएलओ अपने दायित्वों का पूरी सजगता व जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। साथ ही आमजन को जागरूक करते हुए उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के लिए प्रेरित करें। डीएम ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील किया कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि नाम दर्ज नहीं है या नाम, पता अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है तो निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन कर उसमें सुधार कराएं, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।