वीडियो बनाने का जुनून पड़ा भारी, तालाब में डूबकर युवक की मौत

  वीडियो बनाने का जुनून पड़ा भारी, तालाब में डूबकर युवक की मौत
– पक्का तालाब में पहले बनाया वीडियो, फिर दोबारा पानी में उतरा
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने का जुनून एक 18 वर्षीय युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के पक्का तालाब में वीडियो बनाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से हमांशु की मौत हो गई। युवक पहले तालाब के बीच तक जाकर वीडियो बना रहा था। वीडियो बनाने के बाद वह बाहर आया और कुछ देर अपने बनाए वीडियो को देखने के बाद दोबारा तालाब में उतर गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। हादसे से मौके पर हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमांशु वीडियो बनाने के लिए तालाब में काफी अंदर तक चला गया था। बाहर निकलने के बाद वह अपने मोबाइल में वीडियो देखने लगा। कुछ देर बाद वह फिर तालाब में चला गया। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण अचानक वह गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। युवक को डूबता देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने के लिए शोर मचाया और तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद करीब 30 मिनट की तलाश के बाद दो युवकों ने तालाब के पानी से हमांशु को बाहर निकाला। तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पक्का तालाब पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *