आरबीआई ने दी शाखाओं और एटीएम से जुड़ी सेवाओं को चालू रखने की मंजूरी
आरबीआई ने दी शाखाओं और एटीएम से जुड़ी सेवाओं को चालू रखने की मंजूरी
तीन दिनी हड़ताल से पहले सौगात, रविवार सरकारी बैंक रहेंगे मेहरबान
– आरबीआई ने दी शाखाओं और एटीएम से जुड़ी सेवाओं को चालू रखने की मंजूरी
– छुट्टी न मिलने से लटकने वाले बैंक के काम को निपटाने का सुनहरा मौका एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बैंक ग्राहकों के लिए यह रविवार बड़ी राहत की खबर लेकर आ रहा है। दरअसल 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। यह व्यवस्था 28 से 30 सितंबर तक यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल के मद्देनजर सरकार ने की है ताकि ग्राहकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
26 सितंबर को चौथा शनिवार होने के कारण सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में नियमित अवकाश रहेगा। इसके अगले दिन रविवार पड़ रहा है। वैसे तो सामान्य तौर पर इस दिन बैंक बंद रहते हैं लेकिन इस बार 27 सितंबर दिन रविवार को भी शाखाएं खुली रहेंगी। इससे उन ग्राहकों को अतिरिक्त मौका मिलेगा, जिन्हें शाखा जाकर जरूरी बैंकिंग काम निपटाना होता है लेकिन छुट्टी न मिलने के कारण बैंकिंग के काम लंबे खिंचते चले जाते हैं। ग्राहक, अपने खाते से जुड़े ऐसे काम, जिनके लिए बैंक शाखा में जाना जरूरी है। ऐसे ग्राहकों को इस रविवार मिलने जा रहा यह मौका महत्वपूर्ण होगा। काउंटर संबंधी कार्य, दस्तावेज जमा करने और बैंक कर्मचारी से सीधे संपर्क वाले जरूरी काम ग्राहक रविवार को भी निपटा सकेंगे। उन्हें एक अक्टूबर का इंतजार नहीं करना होगा। बैंकिंग जरूरतों के लिए एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और अन्य डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। अलग-अलग बैंकों की ओर से ग्राहकों को हड़ताल की संभावित अवधि को देखते हुए पहले से जरूरी लेनदेन निपटाने की सलाह दी जा रही है। यह दिन उन ग्राहकों के लिए ज्यादा महत्वपूर्ण होने जा रहा है, जो नौकरी या अन्य कामकाज के कारण सामान्य कार्यदिवसों में बैंक की शाखा तक नहीं पहुंच पाते। ऐसे ग्राहक खाते से जुड़े दस्तावेजी काम, आवेदन जमा करने या बैंक कर्मचारी से सीधे संपर्क की जरूरत वाले कामों के लिए रविवार का यह अतिरिक्त अवसर उपयोगी रहेगा। इस लिहाज से 27 सितंबर का रविवार बैंक ग्राहकों के लिए सामान्य रविवार नहीं होने वाला है। हड़ताल से पहले शाखा आधारित जरूरी काम निपटाने के लिए यह अतिरिक्त बैंकिंग दिवस का तोहफा भी साबित होने जा रहा है। ———————————————-
रोजगार मेला 26 को, युवाओं को मिलेगा नौकरी का मौका एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सेवा संकल्प अभियान के दौरान सेवा सेतु अभियान के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 26 सितंबर को सुबह 10 बजे से ठा. युगराज सिंह विश्वविद्यालय जीटी रोड में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित मेले का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के उद्देश्यों को पूरा करना है।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। अभ्यर्थी पंजीकरण कराने के बाद निर्धारित समय पर मेले में पहुंचकर विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए प्रतिभाग कर सकते हैं। मेले में एसआईएस सिक्योरिटी, पीएम इंटरप्राइजेज, टाटा इलेक्ट्रिक प्लांट, जेआरडी करियर सर्विसेज, प्राइम कनेक्ट सर्विसेज, टाटा मोटर्स, ग्रो फास्ट फर्टिलाइजर्स लिमिटेड, ब्राइट फ्यूचर ऑर्गेनिक हर्बल्स एंड आयुर्वेदिक तथा पुखराज हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड समेत अन्य कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। रोजगार मेले से संबंधित जानकारी के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा 05180-298602 पर भी जानकारी ली जा सकती है। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का यात्रा व्यय देय नहीं होगा। ——————————————–
महिला ने खाया जहरीला पदार्थ एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर में शुक्रवार की दोपहर 36 वर्षीय महिला ने घरेलू कलह के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी है।
जानकारी के अनुसार मोहनपुर गांव निवासी राजेश कुमार की पत्नी पुष्पा देवी ने घरेलू कलह के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने उसे तत्काल सरकारी एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी है। घटना की जानकारी इलाज करा रहे पुत्र अमित कुमार ने दी है।