गौशाला में लापरवाही पर सचिव निलंबित, डीडीओ ने की कार्रवाई

  गौशाला में लापरवाही पर सचिव निलंबित, डीडीओ ने की कार्रवाई
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। विजयीपुर विकास खंड के अंजना भैरों गांव स्थित अंजनी गौशाला में गंभीर लापरवाही मिलने के बाद जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। गौशाला परिसर के तालाब में मृत गोवंशों को फेंके जाने की जानकारी मिलने पर मामले की जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया व्यवस्थागत लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सचिव प्रवीण कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) साधना दीक्षित ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पष्ट किया कि गौशालाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गोवंशों की देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करना सभी जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व है। यदि कहीं भी लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि अंजनी गौशाला के तालाब में मृत गोवंशों को फेंके जाने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया था। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचने पर जांच कराई गई। जांच के दौरान व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां सामने आने पर सचिव प्रवीण कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया। डीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करने तथा गोवंशों के रख-रखाव, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में जिम्मेदार कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
…………………………………………………………………………………..
 मिशन शक्ति अभियान से महिलाओं को किया जागरूक
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2) के तहत जनपद भर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति एवं एंटीरोमियो टीमों ने महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जागरूक किया।
अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस टीमों ने गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया तथा उनकी समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के प्रति जागरूक किया। मंगलवार को मिशन शक्ति एवं एंटीरोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं आत्मरक्षा के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम और कानूनी सहायता के बारे में भी विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध शिकायत पोर्टल की जानकारी देकर लोगों को इन सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाना तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। जनपद में यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि महिलाओं को सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
—————————————- 
पुलिस ने 31 पर की शांति भंग की कार्रवाई
– तीन आरोपी गिरफ्तार, 380 वाहनों के चालान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शांति भंग की आशंका में 31 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जबकि वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई करते हुए सैकड़ों वाहनों का चालान किया गया।
पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति भंग की आशंका के मद्देनजर कुल 31 व्यक्तियों को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इनमें थाना बिंदकी से 3, कोतवाली से 7, सुल्तानपुर घोष से 4, जाफरगंज से 3, ललौली से 5, बकेवर से 4, मलवां से 2, गाजीपुर से 1, चांदपुर से 1 तथा खागा से 1 अभियुक्त शामिल रहे। इसके अतिरिक्त अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना किशनपुर पुलिस ने दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जबकि थाना चांदपुर पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को दबोचने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने 380 वाहनों का चालान किया। इसके अलावा एक वाहन को सीज किया गया व एक वाहन से 1000 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई से साफ है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों पर नकेल कसने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। अधिकारियों ने बताया कि जनहित एवं सुरक्षा के दृष्टिगत ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
—————————————– 
बहन के घर आए युवक ने लगाई फांसी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम छेद्दू का डेरा अपनी बहन की ससुराल आए 20 वर्षीय युवक ने सोमवार की शाम गांव के बाहर पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बतनीपुर गांव निवासी गजराज का पुत्र इन्द्रजीत एक सप्ताह पूर्व अपनी बहन मंजूद की ससुराल छेद्दू का डेरा गांव आया था। बताते हैं कि सोमवार की शाम वह घर से शौचक्रिया के बहाने घर से निकला, गांव के बाहर पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर बीत जाने पर जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। एक घन्टे बाद गांव के बाहर पेड़ से इन्द्रजीत का शव लटका देख परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके में पहुची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
————————————— 
 पिकअप की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्री घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के खम्भापुर में मंगलवार की सुबह पिकअप की चपेट में आकर पिता-पुत्री घायल हो गए। जिन्हे उपचार के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर थाना क्षेत्र के चक काजीपुर गांव निवासी देवचंद (55) अपनी 17 वर्षीय पुत्री के साथ बाइक से शहर किसी काम से आ रहा था। जैसे ही उनकी बाइक खम्भापुर के पास पहुंची, तभी एक पिकअप वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे पिता-पुत्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल सरकारी एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *