दीपों की जगमगाहट से निखरी फतेहपुर की छटा रोशनी व आतिशबाजी का उल्लास

 दीपों की जगमगाहट से निखरी फतेहपुर की छटा
– रोशनी व आतिशबाजी के बीच मनाई गई दीपावली
– घरों से लेकर बाजारों तक छाया दीपोत्सव का उल्लास
– गणेश-लक्ष्मी पूजन कर मांगी सुख-समृद्धि
फोटो परिचय- मुखलाल स्वीट हाउस में खरीदारी करते लोग एवं विद्युत झालरों से सजे घरों का दृश्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। अमावस्या की काली रात को असंख्य दीपों की सुनहरी रोशनी ने ऐसा रोशन किया कि पूरा जनपद दीपोत्सव के उल्लास में सराबोर नजर आया। घरों की चौखट से लेकर प्रतिष्ठानों, मंदिरों और प्रमुख बाजारों तक रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और दीपों की जगमगाहट ने शहर की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। कहीं मां लक्ष्मी व भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा – अर्चना हुई तो कहीं बच्चों और युवाओं ने आतिशबाजी कर खुशियां मनाईं। मिठाइयों की मिठास, अपनों के साथ खुशियों का आदान-प्रदान और पटाखों की गूंज के बीच दीपावली का पर्व पूरे जनपद में परंपरागत श्रद्धा और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया।

दीपावली को लेकर कई दिनों से चल रही तैयारियां पर्व के दिन अपने चरम पर पहुंच गईं। सुबह से ही घरों में साफ-सफाई, सजावट और पकवान बनाने का सिलसिला चलता रहा। महिलाओं ने घरों के आंगन में आकर्षक रंगोलियां सजाईं और मुख्य द्वार पर दीप जलाकर मां लक्ष्मी के स्वागत की तैयारियां कीं। शाम होते ही शुभ मुहूर्त में लोगों ने भगवान गणेश और मां लक्ष्मी का विधि-विधान से पूजन किया। पूजा की थाली में रोली, अक्षत, पुष्प, माला, धूप-दीप, खील-बताशे, पंचमेवा व मिष्ठान सजाकर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों में भी पूजा- अर्चना कर व्यापार में उन्नति और परिवार की मंगलकामना की।

शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और मोहल्लों में आकर्षक विद्युत झालरों की सजावट देखते ही बन रही थी। रंग- बिरंगी रोशनी से सजे मकान और प्रतिष्ठान मानो आसमान के तारों को जमीन पर उतार रहे थे। मंदिरों में भी विशेष सजावट और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। शाम ढलते ही घरों की छतों, बालकनियों और दरवाजों पर दीपों की कतारें सज गईं। बच्चों व युवाओं ने फुलझड़ी, अनार, चकरी और पटाखे जलाकर पर्व की खुशियां मनाईं। देर रात तक आतिशबाजी की आवाज से आसमान गूंजता रहा। वहीं दीपावली की परंपराओं के बीच कुछ स्थानों पर जुए की फड़ें सजने की चर्चाएं भी रहीं। त्योहार की आड़ में जुआ खेलने वालों की गतिविधियां भी देखने को मिलीं। कुल मिलाकर दीपों की रोशनी, पूजा-अर्चना, मिठाइयों और आतिशबाजी के बीच फतेहपुर में दीपावली का पर्व उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *