कल से शुरू होगी समर्थ शिशु राम कथा

     कल से शुरू होगी समर्थ शिशु राम कथा
– 23 नवंबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
फोटो परिचय- पत्रकारों को जानकारी देते प्रबंधक राकेश श्रीवास्तव।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शहर के वीआईपी रोड स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में 24 नवंबर से 28 नवंबर तक पांच दिवसीय समर्थ शिशु राम कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास की परिकल्पना को साकार करने के साथ ही उनमें संस्कार, नैतिकता व जीवन मूल्यों का प्रबोधन किया जाएगा।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि समर्थ शिशु राम कथा प्रतिदिन अपराह्न दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। कथा का मुख्य उद्देश्य शिशुओं का प्रबोधन कर उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने बताया कि कथा की पूर्व संध्या पर 23 नवंबर, सोमवार को सिद्धपीठ तांबेश्वर मंदिर से विद्यालय परिसर तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसमें नगर की बड़ी संख्या में मातृशक्तियों के साथ गणमान्य नागरिक भी शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा भी उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर सिंह परिहार ने पत्रकार वार्ता में पहुंचे सभी पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समर्थ शिशु राम कथा को भव्य एवं सफल बनाने में सभी से सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *